कमलनाथ और दिग्विजय के 'कपड़ा फाड़ो' विवाद पर शिवराज सिंह चौहान ने भी कसा तंज
वीडियो में कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और उनके बेटे जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ने की बात कह रहे हैं। वहीं अब कमलनाथ के बारे में वीडियो पर सीएम शिवराज ने तंज कसा है।

आगामी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर सियासत और तेज हो गई है। एक तरफ जहां सभी पार्टियां जोर-शोर से तैयारियों में जुटी हैं। वहीं, दूसरी ओर वायरल वीडियो के साथ ही बयानों की पॉलिटिक्स रफ्तार पकड़ रही है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कमलनाथ, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और उनके बेटे जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ने की बात कह रहे हैं। वहीं अब कमलनाथ के बारे में वीडियो पर सीएम शिवराज ने तंज कसा है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कमलनाथ के वायरल वीडियो पर निशाना साधते हुए कहा की, ये कांग्रेस का असली चेहरा है। उन्होंने कहा, 'एक पूर्व मुख्यमंत्री दूसरे पूर्व के लिए कह रहा है जाओ उनके कपड़े फाड़ो, उनके बेटे के कपड़े फाड़ो। ये कांग्रेस का असली स्वरूप है, और कांग्रेस कितनी है मुझे ये भी नहीं समझ आता। कांग्रेस के टिकट कहां तय हो रहे हैं..? अभी ये भी कहा गया कि, छिंदवाड़ा के टिकट पर नकुलनाथ घोषित करेंगे, और नकुलनाथ के घोषित करने के बाद फिर दिल्ली से घोषित होंगे, और दो टिकट उन्होंने घोषित भी कर दिए। क्या सोनिया गांधी जी की कांग्रेस अलग है?, कमलनाथ जी की कांग्रेस अलग है?, नकुलनाथ की कांग्रेस अलग है? कांग्रेस कितनी है,कांग्रेस किसकी है..और कांग्रेस क्या है ये जनता जानना चाहती है।'
बताया जा रहा है कि कमलनाथ का ये वीडियो तब का है जब वीरेंद्र रघुवंशी को उम्मीदवार न बनाए जाने से नाराज उनके समर्थकों ने कमलनाथ के सामने प्रदर्शन किया था। जिस पर वे कथित तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और उनके बेटे जयवर्धन के कपड़े फाड़ने की बात कह रहे हैं। इस वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि कमलनाथ के सामने बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा है, यह कार्यकर्ता कोलारस से रघुवंशी को उम्मीदवार न बनाए जाने पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे है। इस वीडियो में कमलनाथ कह रहे है कि आप लोग जाकर दिग्विजय सिंह और जयवर्धन के कपड़े फाड़िए। हालांकि हम इस वीडियो की पुष्टि नहीं करते हैं। वहीं रघुवंशी अपने खिलाफ साजिश रचे जाने की बात कह रहे है।
बीजेपी के मीडिया प्रमुख का तंज
साथ ही बीजेपी के मीडिया विभाग के प्रमुख आशीष अग्रवाल ने एक्स पर लिखा है, दिग्विजय सिंह और जयवर्धन के कपडे फाड़िए, अरे कमलनाथ आप तो कपड़े फड़वाने पर भी उतारू हो गए। खैर आप भी कर ही क्या सकते हैं, जब पूरी कांग्रेस ही दो फाड़ हो गई है। वैसे शिवपुरी से आए वीरेन्द्र रघुवंशी के समर्थकों की कमलनाथ से बातचीत का यह वीडियो देख दिग्विजय सिंह आप और आपके सुपुत्र को पीड़ा तो जरूर होगी और बदला भी तगड़ा लेंगे! अब देखना दिलचस्प होगा कि कपड़े कौन किसके फाड़ेगा।'


