अच्छे एक्टर हैं शिवराज, नहीं होंगे बेरोजगार, कमलनाथ ने कसा मुख्यमंत्री पर तंज
कमलनाथ ने शिवराज सिंग चौहान पर तंज कसते हुए उन्हें अच्छा एक्टर बताया और कहा कि सीएम पद जाने के बाद भी वह बेरोजगार नहीं होंगे। इसी के साथ उन्होंने शिवराज सिंह पर राज्य को बर्बाद करने का आरोप लगाया।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीक जैसे जैसे नजदीक आती जा रही है, वैसे वैसे जुबानी जंग बढ़ती जा रही है। मध्य प्रदेश में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। ऐसे में दोनों ही पार्टियां चुनाव प्रचार में कोई कमी नहीं छोड़ रहीं। इस दौरान आरोप प्रत्यारोप का दौर भी लगातार जारी है। इस बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमल नाथ ने मुख्य मंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तंज कसते हुए उन्हें अच्छा एक्टर बताया और कहा कि मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद भी वह बेरोजगार नहीं होंगे।
दरअसल कमलनाथ ने ये बात रविवार को राजधानी भोपाल से लगभग 200 किलोमीटर दूर स्थित सागर जिले की रहली विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा, शिवराज सिंह जी भले ही मुख्यमंत्री ना रहें पर वह बेरोजगार नहीं होंगे। वह एक अच्छे अभिनेता हैं और अभिनय में करियर बनाने के लिए मुंबई जाएंगे और मध्य प्रदेश को गौरवान्वित करेंगे।
कमल नाथ ने दावा किया कि 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के बाद लोग मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विदाई दे देंगे, लेकिन चौहान बेरोजगार नहीं होंगे क्योंकि वह एक अच्छे अभिनेता हैं। उन्होंने कहा, राज्य की भाजपा सरकार के केवल चार दिन बचे हैं, जो पुलिस, धन और प्रशासन के बूते चल रही है।
कमलनाथ ने लगाया शिवराज सिंह पर राज्य को बर्बाद करने का आरोप
उन्होंने भाजपा पर पिछले 18 वर्षों में राज्य को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 17 नवंबर को होने वाला चुनाव मध्य प्रदेश के भविष्य के लिए है, किसी उम्मीदवार के लिए नहीं। कमलनाथ ने कहा कि युवाओं को एक लाख नौकरियां देने का वादा करने वाले मुख्यमंत्री चौहान को कम से कम सरकार के खाली पदों को भरना चाहिए था। कमलनाथ ने कहा कि लोगों को चौहान की मंशा समझनी चाहिए, जिनकी 'घोषणा मशीन' दोगुनी गति से चल रही है।
