ब्यूटी पार्लर में AAP की प्रदेश उपाध्यक्ष पर पति ने की फायरिंग, 32 खोखे मिले; दो शख्स घायल
सूत्रों की माने तो कुछ समय से आप नेता रुचि गुप्ता और उनके पति संदीप ठाकुर के बीच विवाद चल रहा था। जिसके बाद वो ब्यूटी पार्लर में पूजा करने पहुंची थीं। यहीं पर उनपर जानलेवा हमला हुआ है।

मध्य प्रदेश में चुनावी माहौल के बीच आम आदमी पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रुचि राय गुप्ता पर हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि हमला नेत्री के पति द्वारा ही किया गया है। बीती रात दीवाली के पूजन को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था जिसके बाद पति ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, सिटी सेंटर क्षेत्र में आप की महिला नेता रुचि गुप्ता का फिटनेस एंड ब्यूटी सेंटर है, जहां बीती रात रविवार को वह पूजन के लिए पहुंची थीं। वो यहां पूजा कर रही थीं, तभी आप नेता के पति संदीप ठाकुर ब्यूटी सेंटर पर पहुंचे और बिना कुछ कहे ही मौके पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। मौके पर मौजूद फिटनेस सेंटर के स्टाफ ने जब उन्हें रोकना चाहा तो वह पिस्तौल लहराते हुए मौके से भाग निकले। इस बात की सूचना जब पुलिस को मिली तो मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की है। जहां उसे 32 बोर के दो खाली खोखे मिले।
बताया जा रहा है कि इस दौरान दो कर्मचारी भी घायल हुए हैं जिनका इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है। हालांकि, उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सूत्रों की माने तो कुछ समय से आप नेता रुचि गुप्ता और उनके पति संदीप ठाकुर के बीच विवाद चल रहा था। वहीं ब्यूटी सेंटर पर रुचि गुप्ता पूजा करने पहुंची तभी उसके पति संदीप ठाकुर वहां आ गये और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक हुई इस फायरिंग में ब्यूटी केंद्र के दो कर्मचारी उज्जवल त्यागी और निखिल शर्मा घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केंद्र के अन्य कर्मचारियों ने जब संदीप ठाकुर को पकड़ने का प्रयास किया तो वह अपनी कार से मौके से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल ने कहा है कि घटना में घायल हुए कर्मचारी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया हैऔर जांच शुरू कर दी गई है। बताया जा रहा है कि आप पार्टी की महिला नेता और उनके पति के बीच तलाक का मामला चल रहा है, उसी को लेकर पति ने हमला किया था।
रिपोर्ट : अमित गौर
