ग्वालियर में तानसेन समारोह के मंच पर सियासी राग, कुर्सी न मिली तो नाराज होकर भागे कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तानसेन समारोह में देश और दुनिया के संगीत सम्राट जुटे हुए हैं। लेकिन कल शाम इस मंच पर एक और राग भी सुनाई दिया। यह राग था सियासत का राग। असल में कार्यक्रम में कांग्रेस...

इस खबर को सुनें
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तानसेन समारोह में देश और दुनिया के संगीत सम्राट जुटे हुए हैं। लेकिन कल शाम इस मंच पर एक और राग भी सुनाई दिया। यह राग था सियासत का राग। असल में कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार भी आमंत्रित थे। लेकिन जब वह मंच पर पहुंचे तो उन्हें पहली पंक्ति में कुर्सी नहीं मिली। इसके बाद सिकरवार मंच से नीचे उतर गए। यह देख सीएम शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर केंद्रीय मंत्री ज्योतिराज सिंधिया सहित सूबे के अन्य मंत्री भी हैरान रह गए। हालांकि बाद में प्रथम पंक्ति में कुर्सी लगाकर उन्हें बिठाया गया।
#मध्यप्रदेश: ग्वालियर में तानसेन समारोह के कांग्रेस MLA सतीश सिकरवार पहली पंक्ति में कुर्सी ना मिलने के चलते नाराज हो गए। MLA नाराज होकर कार्यक्रम छोड़कर चले गए। यह देख मुख्य अतिथि सीएम शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिराज सिंधिया सहित सूबे के अन्य मंत्री भी हैरान रह गए। pic.twitter.com/R5uQS5gTPo
— Hindustan (@Live_Hindustan) December 27, 2021
कार्यक्रम में कांग्रेस विधायक के लिए पीछे थी कुर्सी
कल शाम को विश्व संगीत तानसेन समारोह का शुभारंभ हुआ था। इस मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ज्योतिरादित्य सिंधिया संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर मंत्री भारत सिंह कुशवाह प्रदुमन सिंह तोमर सहित तमाम नेता गण मौजूद थे। आगे की पंक्ति में सीएम शिवराज के साथ-साथ अन्य मंत्री बैठे हुए थे। उन्हीं के साथ बीजेपी जिला अध्यक्ष भी मौजूद थे। वहीं दूसरी पंक्ति में कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार और अन्य कार्यकर्ताओं के लिए कुर्सी लगाई गई थी। जब कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार मंच की तरफ पहुंचे तो जिला अधिकारियों ने उन्हें पीछे बैठने के लिए कहा। ऐसे में विधायक नाराज हो गए और अधिकारियों से बहस करने लगे। इसके बाद वह मंच से उतरकर सीधे कार्यक्रम के बाहर निकल गए।
अधिकारियों ने विधायक को मनाया
इस घटना के बाद मौके पर मौजूद सीएम शिवराज सिंह चौहान और ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास यह जानकारी पहुंची। इस पर उन्होंने प्रशासन के अधिकारियों से विधायक को वापस बुलाने के लिए कहा गया। अधिकारियों ने फोन करके काफी देर तक कांग्रेस विधायक को मनाया। उनके लिए पहली पंक्ति में कुर्सी लगाए जाने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद कांग्रेस विधायक की नाराजगी दूर हुई और वह कार्यक्रम में वापस लौटे। कार्यक्रम के समापन पर मीडिया से मुखातिब होते हुए विधायक सतीश सिकरवार ने कहा कि उन्हें जिस सम्मान के साथ बुलाया गया उस सम्मान का ध्यान मंच पर नहीं रखा गया था। यही वजह थी कि उस वक्त वह नाराज हुए थे। लेकिन उन्होंने सोचा कि यह स्वर सम्राट तानसेन जी की याद में आयोजित कार्यक्रम है और उनके कार्यक्रम को छोड़कर जाना ठीक नहीं है इसलिए वापस लौट आए।
