जबलपुर में BJP की नेता की गोली मारकर हत्या, बेटा है गांव का सरपंच
जबलपुर जिले में रविवार देर रात कथित तौर पर चुनावी रंजिश को लेकर स्थानीय भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में 4 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल है।

मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में रविवार देर रात कथित तौर पर चुनावी रंजिश को लेकर स्थानीय भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना में 4 अन्य लोग भी घायल हुए हैं। मृतक भाजपा नेता वर्तमान सरपंच राहुल यादव के पिता थे। इस घटना से गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले में सरकारी जमीन का विवाद भी बताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लुहारी गांव के सरपंच राहुल यादव अपने पिता 58 वर्षीय कंचन यादव के साथ रविवार को रंग पंचमी के कार्यक्रम शामिल होकर कार से वापस घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान बीच रास्ते में गांव के पूर्व सरपंच गुड्डू चौहान, भाई सन्नद सिंह चौहान और उसके साथियों ने सरपंच राहुल यादव की गाड़ी रोककर पुरानी रंजिश को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। इस पर राहुल की कार में बैठे अनुरोध सिंह, राजा चौहान, राहुल यादव, रघुराज यादव, रितिक यादव ने विरोध किया तो पूर्व सरपंच और उसके भाइयों ने सभी को कार से उतारकर जमकर मारपीट की।
पुलिस ने शुरू की जांच
इसके बाद सन्नद सिंह चौहान ने बंदूक निकालकर सरपंच और उसके पिता पर फायर कर दिया। इस हमले में दो गोली सरपंच के पिता कंचन यादव को लगीं जिससे वह मौके पर ही गिर गए। बताया जा रहा है कि कंचन यादव को गोली मारने के बाद गुड्डू यादव, सन्नद यादव और उसके साथी हवा में फायर करते हुए वहां से फरार हो गए। सरपंच और उनके साथियों ने मिलकर पिता कंचन यादव को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां कंचन यादव की मौत हो गई। वहीं, घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी जमीन पर कब्जे से भी जुड़ा है विवाद
वहीं, यह भी बताया जा रहा है कि पूर्व सरपंच गुड्डू चौहान और उसके रिश्तेदारों ने 52 एकड़ सरकारी जमीन पर कब्जा जमाया हुआ था, लेकिन राहुल यादव जब सरपंच बने तो उन्होंने उस जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा दिया। इसके बाद से पूर्व सरपंच और उसके भाई उनसे रंजिश रखे हुए थे। इसके चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
मझौली थाना एसआई के.आर. सिन्हा ने बताया कि राहुल यादव, कंचन यादव और रघुराज रंगपंचमी पर अपने कार्यकर्ताओं से मिलने लुहारी गए हुए थे, वापस लौटते समय रास्ते में सर्वेश सिंह,आयुष सिंह ने रोककर मारपीट करते हुए कंचन यादव पर बंदूक से फायर कर दिया, जिस कारण से उनकी मौत हो गई और 6 लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय व्यक्ति रघुराज ने बताया कि यह हमला चुनावी रंजिश में किया गया है क्योंकि सरकारी 52 एकड़ जमीन सरपंच ने खाली करवाई थी। इसके पहले भी शासकीय भूमि खाली कराने की बात पर हमला हो चुका है। आरोपियों ने इस शासकीय भूमि पर कब्जा कर रखा था।
