फोटो गैलरी

Hindi News मध्य प्रदेशभारत जोड़ो यात्रा के बाद 'हाथ से हाथ मिलाओ' कैंपेन, दिग्विज सिंह ने बताया- कब से होगी शुरुआत

भारत जोड़ो यात्रा के बाद 'हाथ से हाथ मिलाओ' कैंपेन, दिग्विज सिंह ने बताया- कब से होगी शुरुआत

दिल्ली में राहुल गांधी ने कहा कि हम अपना तिरंगा श्रीनगर में लहराएंगे। आप में से हजारों लोग हमारे साथ चलोगे। भाइयों और बहनों सच्चा मुकाबला दुनिया में चीन और हिन्दुस्तान के बीच ही है।

भारत जोड़ो यात्रा के बाद 'हाथ से हाथ मिलाओ' कैंपेन, दिग्विज सिंह ने बताया- कब से होगी शुरुआत
Nishant Nandanलाइव हिन्दुस्तान,भोपालSat, 24 Dec 2022 06:36 PM

इस खबर को सुनें

0:00
/
ऐप पर पढ़ें

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का दिल्ली में जोरदार स्वागत हुआ। लालकिले से राहुल गांधी ने अपने भाषण में सीधे तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लिया। अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा है कि कांग्रेस जल्द ही 'हाथ से हाथ जोड़ो' कैंपेन की शुरूआत करेगी। न्यूज एजेंसी से बातचीत में दिग्विजय सिंह ने कहा, ' 'हाथ से हाथ जोड़ो' यात्रा के लिए सभी योजनाएं और तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 20 जनवरी के बाद डोर-टू-डोर कैंपेन की शुरुआत होगी। हम राहुल गांधी और उनकी यात्रा से जुड़ा मैसेज लोगों तक पहुंचाएंगे। 

जब दिग्विजय सिंह से यह पूछा गया कि क्या कांग्रेस अन्य विपक्षी पार्टियों को साथ लाने में कामयाब हो पाएगी। इसपर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस यात्रा का सभी ने स्वागत किया है। यात्रा के पहले ही दिन से कांग्रेस ने कहा कि जो भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होना चाहते हैं वो इस यात्रा में शामिल हो सकते हैं। यहां सभी का स्वागत है। इससे पहले राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शनिवार को हरियाणा से दिल्ली पहुंची। दिग्विजय सिंह, जयराम रमेश और पवन खेड़ा जैसे वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं ने इस यात्रा का स्वागत किया।

लालकिले से राहुल गांधी ने कहा कि हमने यह यात्रा कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक शुरू की है। हम अपना तिरंगा श्रीनगर में लहराएंगे। आप में से हजारों लोग हमारे साथ चलोगे। भाइयों और बहनों सच्चा मुकाबला दुनिया में चीन और हिन्दुस्तान के बीच है। चीन ने दो हजार स्वाक्वायर किलोमीटर हमारी जमीन ले ली है। पीएम कहते हैं कि हमारी सीमा के अंदर कोई नहीं आया। अगर कोई नहीं आया तो हमारी सेना उनकी सेना के साथ 21 बार क्यों बात कर रहे हैं। फोर्स के लोग क्यों कह रहे हैं कि चीन ने हमारी जमीन ले ली है। मुकाबला आर्थिक है। यह आपका जो सेलफोन है, आपकी शर्ट है, जूते है, प्रेस वाले कैमरे हैं। उसके पीछे लिखा मिलेगा की मेड इन चाइना। हमें शर्ट के पीछे, सेलफोन के पीछे, जूतों के पीछे मेड इन इंडिया लिखना है। 

कांग्रेस सांसद ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री जी ने बीजेपी ने हजारों करोड़ रुपये लगा दिये मेरी छवि खराब करने में। मैं एक शब्द नहीं बोला। मैं बिल्कुल चुप रहा। मैंने कहा कि चलो देखते हैं कि कितना दम है। पूरी की पूरी मीडिया लग गई। फेसबुक, व्हाट्सऐप पर चौबीस घंटा मेरे बारे में चलाते थे। कुछ नहीं बोला मैं। पूरे देश में फैला दिया और फिर महीने एक महीने में सच्चाई दिखाई दी।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें