8 cylinder blasts in dewas madhya pradesh two people badly burnt MP के देवास में एक साथ 8 सिलेंडर ब्लास्ट, दूर तक दिख रहा धुएं का गुबार; मची अफरा-तफरी , Madhya-pradesh Hindi News - Hindustan
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़8 cylinder blasts in dewas madhya pradesh two people badly burnt

MP के देवास में एक साथ 8 सिलेंडर ब्लास्ट, दूर तक दिख रहा धुएं का गुबार; मची अफरा-तफरी

शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे मनीष पाटिल की दुकान में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद दुकान में आग लग गई। ऐसा बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से यह धमाका हुआ है।

Devesh Mishra लाइव हिंदुस्तान, इंदौरFri, 8 Dec 2023 07:14 PM
share Share
Follow Us on
MP के देवास में एक साथ 8 सिलेंडर ब्लास्ट, दूर तक दिख रहा धुएं का गुबार; मची अफरा-तफरी

मध्य प्रदेश के देवास में एक बड़ा हादसा हो गया है। क्षिप्रा इलाके में एक दुकान में रखे 8 गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद दो लोग बुरी तरह आग से झुलस गए हैं। वहीं दुकान की छत टूट गई है और दूर से धुएं की गुबार को देखा जा सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची है। आसपास के इलाके को खाली कराया गया है। सूत्रों का कहना है कि दुकान में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग की जाती थी।

क्षिप्रा थाना प्रभारी जीएस महोबिया ने बताया कि इस हादसे में दुकान के मालिक मनीष पाटिल और वहां काम करने वाला विशाल पटेल दोनों घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे मनीष पाटिल की दुकान में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद दुकान में आग लग गई। ऐसा बताया जा रहा है कि गैस सिलेंडर ब्लास्ट होने से यह धमाका हुआ है। मनीष दुकान में छोटे चूल्हे और बर्तन बेचता है। वह घरेलू गैस के छोटे सिलेंडर भी बेचता है और उनकी रिफिलिंग करता है। रिफिलिंग के दौरान ही यह बड़ा हादसा हुआ है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है

जिला प्रशासन के अनुसार इंदौर के समीप क्षिप्रा, जो देवास जिले के अंतर्गत आता है, वहां एक दुकान में गैस सिलेंडर रखे हुए थे। दुकान में अवैध रूप से बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में रिफिलिंग की जाती थी। इससे पहले कई बार खाद्य विभाग द्वारा दुकानों पर कार्रवाई की जा चुकी है।

इलाके के कई लोगों द्वारा बताया गया कि कई वर्षो से क्षिप्रा में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग का काम चल रहा है, लेकिन जिला प्रशासन द्वारा जब भी कार्रवाई की जाती है उसके कुछ दिनों बाद फिर से दुकानदार गैस रिफिलिंग का काम शुरू कर देते हैं।

रिपोर्ट- हेमंत नागले 

लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|