
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लगाएंगे चौके-छक्के, धोती-कुर्ते में क्रिकेट; क्या है सनातन क्रिकेट लीग
मशहूर कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री जल्द ही क्रिकेट की पिच पर अपना हाथ आजमाते हुए नजर आएंगे। जल्द ही शास्त्री धोती-कुर्ता पहनकर बल्लेबाजी करते हुए दिखेंगे। वो सनातनी क्रिकेट लीग में खेलने जा रहे हैं।
मशहूर कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री क्रिकेट की पिच पर अपना हाथ आजमाने जा रहे हैं। अब वो धोती और कुर्ते में मैदान पर उतरकर चौके और छक्के लगाएंगे। इस क्रिकेट लीक का नाम होगा, 'सनातनी क्रिकेट लीग' जिसमें धीरेंद्र शास्त्री के साथ कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर भी क्रिकेट खेलते हुए नजर आएंगे। इस क्रिकेट लीग को लेकर जानकारी देते हुए धीरेंद्र शास्त्री ने सनातनी क्रिकेट लीग के बारे में भी बताया है। आइए जानते हैं धीरेंद्र शास्त्री से कि आखिर क्या है सनातनी क्रिकेट लीग।

क्या है सनातनी क्रिकेट लीग
सनातनी क्रिकेट लीग के बारे में जानकारी देते हुए कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि उनके पास देवकीनंदन ठाकुर एक आइडिया लेकर आए थे। इसमें बाढ़ और प्राकतिक आपदाओं से पीड़ित लोगों के लिए फंड जुटाया जाएगा। धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि उनके पास देवकीनंदन ठाकुर ये आइडिया लेकर आए तो उनका भी मन हुआ कि पीड़ितों के लिए कुछ किया जाए। इसके बाद एक क्रिकेट लीग का आइडिया आया, जिसका नाम सनातनी क्रिकेट लीग रखा गया। इस क्रिकेट लीग से आने वाले पैसों का इस्तेमाल बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से पीड़ित लोगों की मदद में किया जाएगा।
धीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि देवकीनंदन ठाकुर ने उनके पास फोन करके इस बारे में बताया तो उन्हें बड़ी खुशी हुई। शास्त्री ने कहा कि देवकीनंदन ठाकुर ने उन्हें क्रिकेट लीग में कुछ घंटों के लिए आने को कहा है। शास्त्री का कहना है कि अगर उनके जाने से कुछ लोगों को भला हो सकता है, दीवाली पर उनके घरों में भी दिया जल सकता है, तो वो सनातनी क्रिकेट लीग में खेलने के लिए जरूर जाएंगे।
धीरेंद्र शास्त्री को पसंद है क्रिकेट
पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वो पीड़ितों के लिए तो सनातनी क्रिकेट लीग में जा ही रहे हैं, बल्कि उन्हें क्रिकेट खेलने भी बहुत पसंद है इसलिए भी वो जा रहे हैं। शास्त्री ने कहा कि इस लीग में सभी खिलाड़ी धोती और कुर्ता पहनकर क्रिकेट खेलेंगे और अपनी विचारधारा को आगे ले जाएंगे।





