तहसीलदार मैडम ने किसान को सरेआम जड़ दिया थप्पड़, खाद की गुहार लगाने पहुंचा था; VIDEO
मध्य प्रदेश के सागर जिले में सरकारी योजनाओं के तहत सब्सिडी वाली खाद की गुहार लगाने तहसील कार्यालय पहुंचे एक किसान को तहसीलदार प्रीति चौरसिया ने सरेआम थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद यह घटनाक्रम कैमरे में कैद हो गया और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक किसान को तहसीलदार के सामने खाद की गुहार लगाना महंगा पड़ गया। गुस्से में तहसीलदार मैडम ने किसान के सरेआम थप्पड़ जड़ दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना तब की है जब एक आम किसान खाद के लिए तहसील कार्यालय पहुंचा। सरकारी योजनाओं के तहत सब्सिडी वाली खाद पाने की उम्मीद में वहां पहुंचे इस किसान को तहसीलदार के सामने कुछ आपत्ति जतानी पड़ी। लेकिन बातों-बातों में गर्मी बढ़ी और तहसीलदार ने गुस्से में आकर किसान को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। वीडियो में साफ दिख रहा है कि किसान कुछ कहते ही तहसीलदार का हाथ हवा में लहराया और चेतावनी भरा एक तमाचा गाल पर उतर आया।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ये मोहन सरकार के अधिकारी हैं। खाद के लिए हाथ फैलाये किसानों पर थप्पड़ बरसाए जा रहे हैं। वीडियो सागर का है,थप्पड़ मारने वाली तहसीलदार प्रीति चौरसिया हैं।' विपक्षी नेता भी इस वीडियो को शेयर कर सरकार पर निशाना साध रहे हैं।





