MP में बेकाबू ट्रॉली की टक्कर से ऑटो के परखच्चे उड़े, 3 की मौत; सड़क पर बिखरी लाशें
एमी के मुरैना में बेकाबू ट्रॉली ने ऑटो को टक्कर मार दी। हादसे में तीन की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। सड़क में लाशें बिखरी नजर आईं।

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा माता बसैया थाना क्षेत्र के ग्राम पाराशर की तिवरिया के पास हुआ, जहां अवैध पत्थरों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सवारियों से भरी एक ऑटो टैक्सी को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार सुनाई देने लगी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो टैक्सी के परखच्चे उड़ गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली भी अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में ऑटो में सवार एक युवक और दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सिर, हाथ-पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।
हादसे के बाद मच गई चीख-पुकार
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त ऑटो में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत की। इसके बाद घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। गंभीर घायलों की स्थिति को देखते हुए कुछ को उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही माता बसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
अवैध रूप से पत्थर लेकर जा रहा थी टॉली
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली में अवैध रूप से पत्थर लदे हुए थे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि वाहन के पास खनिज परिवहन की वैध अनुमति थी या नहीं। साथ ही हादसे के समय वाहन की गति, चालक की लापरवाही और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है। यदि अवैध खनन या परिवहन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ अलग से भी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। मृतकों की पहचान और हादसे के अन्य कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस दर्दनाक दुर्घटना ने एक बार फिर अवैध खनिज परिवहन और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्ट - अमित कुमार


