राजा रघुवंशी के 2 भाई अरेस्ट, इंदौर पुलिस का ऐक्शन; क्या हैं आरोप?
इंदौर के राऊ थाना पुलिस ने राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। इंदौर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया है।

चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद एकबार फिर रघुवंशी परिवार से जुड़े नाम चर्चा में हैं। इंदौर की राऊ थाना पुलिस ने राजा रघुवंशी के दो बड़े भाइयों और उनके ढाबे के 3 कर्मचारियों को शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राजा रघुवंशी के भाई सचिन रघुवंशी और विपिन रघुवंशी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
शराब पिलाने के मामले में ऐक्शन
इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने कैट रोड स्थित राजा भोज ढाबे पर बिना वैध लाइसेंस ग्राहकों को शराब पिलाने के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने ढाबे के मैनेजर सचिन रघुवंशी सहित संबंधित आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। वहीं ढाबा संचालक विपिन रघुवंशी के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है।
सचिन और विपिन मृतक राजा रघुवंशी के भाई
सचिन और विपिन रघुवंशी मृतक राजा रघुवंशी के भाई हैं। इंदौर पुलिस के अनुसार, होटल, ढाबों और लॉज की जांच के दौरान कैट रोड स्थित राजा भोज ढाबे पर कथित तौर पर ग्राहकों को बिना वैध शराब लाइसेंस के शराब परोसी जा रही थी। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन सामने आने पर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।
जारी रहेगा ऐक्शन
इसके अलावा इंदौर पुलिस ने ढाबे पर काम करने वाले कर्मचारियों की जानकारी थाने में नहीं देने पर धारा-223 बीएनएस के आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संचालक विपिन रघुवंशी के खिलाफ भी कार्रवाई की है। इंदौर की राऊ थाना पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि होटल, ढाबे और लॉज में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऐक्शन जारी रहेगा।
आबकारी एक्ट में केस दर्ज
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) निधि सक्सेना ने बताया कि ढाबे में अवैध तौर पर शराब परोसे जाने को लेकर आरोपियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 और अन्य प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों पर केस आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किया गया है।
फिर चर्चा में राजा का परिवार
गौरतलब है कि शिलॉन्ग में राजा रघुवंशी की हत्या का मामला देशभर में सुर्खियों में रहा था। राजा रघुवंशी और उसकी पत्नी सोनम 2025 में शादी के बाद हनीमून के लिए मेघालय गए थे। शिलॉन्ग में राजा रघुवंशी की हत्या कर दी गई थी। मेघालय पुलिस ने केस में सोनम, उसके कथित प्रेमी राज कुशवाह और 3 कथित भाड़े के हत्यारों को गिरफ्तार किया था। अब उनके भाइयों के खिलाफ इंदौर में हुई पुलिस कार्रवाई के चलते रघुवंशी परिवार एक बार फिर चर्चा में आ गया है।


