चीख-पुकार में बदली खुशियां: रायसेन में पलटी ट्रॉली, महिला की मौत; 25 श्रद्धालु घायल
सूचना मिलते ही गढ़ी पुलिस चौकी के प्रभारी वीरेंद्र विश्वकर्मा एक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी 25 घायलों को गैरतगंज सिविल अस्पताल ले गए। अधिकारी ने बताया कि अयोध्या बाई नाम की एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

रायसेन जिले के गैरतगंज में मंगलवार देर शाम गणेश घाटी पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। इस हादसे में एक 60 वर्षीय महिला की मौत हो गई तो 25 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस और निजी वाहनों की मदद से अस्पताल लेकर गई।
गंभीर रूप से घायल 12 से ज्यादा लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रायसेन रेफर किया गया है पुलिस ने बताया कि घायल हुए सात लोगों की हालत गंभीर है, जबकि उनमें से चार नाबालिग हैं।
श्रद्धालुओं एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे तभी जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। उपमंडल पुलिस अधिकारी सोनल गुप्ता ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली में गैरतगंज तहसील के भीलड़िया गांव के आदिवासी समुदाय के 32 लोग सवार थे और सभी एक धार्मिक कार्यक्रम से लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही गढ़ी पुलिस चौकी के प्रभारी वीरेंद्र विश्वकर्मा एक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और सभी 25 घायलों को गैरतगंज सिविल अस्पताल ले गए। अधिकारी ने बताया कि अयोध्या बाई नाम की एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे फंस गए थे
बताया जा रहा है कि कुछ श्रद्धालु ट्रैक्टर ट्रॉली के नीचे फंस गए थे। पुलिस स्थानीय लोगों के साथ श्रद्धालुओं को निकालने में कड़ी मशक्कर करनी पड़ी। सभी श्रद्धालु गरीब मजदूर आदिवासी परिवारों से थे। बताया जा रहा है कि जहां ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी वहां घुमावदार रास्ता और ढलान थी। ऐसे में ड्राइवर वाहन को कंट्रोल नहीं कर सका।
संभलने तक का मौका नहीं मिला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन इतनी तेजी से पलटा कि ड्राइवर को संभलने तक का मौका नहीं मिल सका। हालांकि पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस मामले में ड्राइवर से भी पूछताछ कर रही है।

लेखक के बारे में
Mohitलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



