
MP में रद्दी-अखबार पर मिड-डे मील परोसने पर बरसे राहुल गांधी, बोले- ‘बच्चों की थाली तक चुरा ली’
संक्षेप: वायरल वीडियो पर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बयान सामने आया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमलावर होते हुए कहा- 20 साल से ज्यादा की BJP सरकार, और बच्चों की थाली तक चुरा ली गई।
मध्य प्रदेश के एक स्कूल का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों को रद्दी-अखबार पर रखकर मिड-डे मील परोसा जा रहा है। वायरल वीडियो पर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बयान सामने आया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमलावर होते हुए कहा- “20 साल से ज्यादा की BJP सरकार, और बच्चों की थाली तक चुरा ली गई - इनका 'विकास' बस छलावा है, सरकार में आने का असली राज़ तो 'व्यवस्था' है।”

राहुल बोले- दिल टूट गया है
राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट में लिखा- आज मध्य प्रदेश जा रहा हूं। जब से ये खबर देखी है कि वहां बच्चों को मिड-डे मील अख़बार पर परोसा जा रहा है, दिल टूट सा गया है। ये वही मासूम बच्चे हैं जिनके सपनों पर देश का भविष्य टिका है, और उन्हें इज़्ज़त की थाली तक नसीब नहीं।
बच्चों की थाली तक चुरा ली
राहुल गांधी ने पीएम-सीएम और भाजपा सरकार पर हमलावर होते हुए आगे लिखा- 20 साल से ज्यादा की BJP सरकार, और बच्चों की थाली तक चुरा ली गई - इनका 'विकास' बस छलावा है, सरकार में आने का असली राज़ तो 'व्यवस्था' है। शर्म आनी चाहिए ऐसे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को जो देश के बच्चों, भारत के भविष्य का इस दुर्दशा से पालन-पोषण कर रहे हैं।
न थाली न बिछौना, वीडियो वायरल
वायरल हो रहा वीडियो मध्य प्रदेश के श्योपुर का बताया जा रहा है। वीडियो में छोटे-छोटे बच्चे दोपहर का खाना खाते दिखाई दे रहे हैं। सब अपने सामने अखबार का टुकड़ा रखे हैं, उसके ऊपर रोटी रखी हैं। बच्चों के बैठने के लिए किसी भी तरह का विछावन भी नहीं था। सभी दीवार के किनारे-किनारे सटे बैठे दिखाई देते हैं। अपने अधिकारों से अनभिज्ञ बच्चे बड़े ही उत्साह के साथ खाना खाते दिखाई दे रहे हैं।
प्रभारी प्राचार्य निलंबित, स्वंय सहायता समूह की सेवाएं खत्म
वीडियो बना रहे शख्स कहता है, न तो यहां कोई टीचर है, न बैठने की व्यवस्था है। उसने वहां मौजूद कर्मचारी से सवाल किया, तो उसने बताया- मैं गेस्ट हूं। आप हेडमास्टर से बात कर सकते हैं। वीडियो बना रहा शख्स आगे कहता है, यहां टीचर भी नहीं है। एक गेस्ट के भरोसे पूरा मिडिल स्कूल चल रहा है। वीडियो शेयर किए गए शख्स (अनुराग) ने सात नवंबर को किए गए ट्वीट में बताया- प्रभारी प्राचार्य को निलंबित कर दिया गया है स्व सहायता समूह की सेवाएं खत्म कर दी गई है।

मिड डे मील खाने पहुंचे अधिकारी
आज एसडीएम अभिषेक मिश्रा, पूर्व मंत्री रामनिवास रावत, भाजपा जिला महामंत्री अरविंद सिंह जादौन और जनपद सीईओ आँफिसर सिंह गुर्जर ब्लाँक शिक्षा अधिकारी हरिशंकर गर्ग मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्कूल में बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया, भोजन की गुणवत्ता व स्वच्छता की जांच की और शिक्षकों को सख्त निर्देश दिए कि आगे से बच्चों को सम्मानजनक माहौल में स्वच्छ व पौष्टिक भोजन दिया जाए।





