इंदौर में होने वाला राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम टला, अब 7 दिन बाद होगा आयोजन; कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

पीटीआई, इंदौर, मध्य प्रदेश
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री मोहन यादव को लिखे अपने पत्र में पटवारी ने कहा था कि राहुल गांधी का कार्यक्रम कोई आम राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि देश का भविष्य, युवाओं के सपने, शिक्षा का अधिकार और शिक्षा प्रणाली की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित एक जन-संवाद है।

राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम हफ्तेभर के लिए टला,  कांग्रेस बोली- भाजपा सरकार ने नहीं दी स्टेडियम की मंजूरी
राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम हफ्तेभर के लिए टला, कांग्रेस बोली- भाजपा सरकार ने नहीं दी स्टेडियम की मंजूरी (AICC/ANI Photo)

कांग्रेस पार्टी ने इंदौर में होने वाले राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को एक हफ्ते के लिए टाल दिया है। पार्टी ने यह फैसला शहर के एक स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं मिलने के बाद लिया। यह कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को होने वाला था, लेकिन अब इसका आयोजन 19 सितंबर को किया जाएगा। इस बारे में जानकारी देते हुए पार्टी ने बताया कि मध्य प्रदेश सरकार से स्टेडियम में कार्यक्रम करने की मंजूरी न मिलने के कारण इंदौर में राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम एक सप्ताह के लिए टालकर 19 सितंबर कर दिया गया है। उधर सत्ताधारी भाजपा ने कांग्रेस के तर्क को खारिज करते हुए कहा है कि नेहरू स्टेडियम में केवल खेल गतिविधियों या राज्य-स्तरीय सरकारी कार्यक्रमों की अनुमति है।

अब लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी 19 सितंबर को इंदौर आएंगे और यहां आयोजित प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में प्रदेशभर के विद्यार्थियों एवं युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, पेपर लीक, युवाओं के अधिकार और भविष्य से जुड़े विषयों पर छात्रों की बात सुनी जाएगी। कांग्रेस 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए इंदौर और आसपास के इलाकों से 50,000 छात्रों को जुटाने की कोशिश कर रही है।

पटवारी ने दी कार्यक्रम में बदलाव की जानकारी

इस बारे में जानकारी देते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने से इनकार करने के बाद, 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम अब 12 सितंबर के बजाय 19 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इंदौर में कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर हुई बैठक के दौरान घोषणा करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब नई जगह ढूंढेगी और उसी के अनुसार व्यवस्था करेगी।

कांग्रेस बोली- आयोजन से डर गई भाजपा

उधर 12 तारीख के आयोजन की अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि राज्य सरकार विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आगामी कार्यक्रम से डर गई है, वहीं BJP ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यक्रम में लोगों को जुटाने में अपनी विफलता को छिपाने के लिए बहाने बना रही है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी में मध्य प्रदेश मामलों के प्रभारी हरीश चौधरी ने कहा, 'भाजपा सरकार राहुल गांधी के कार्यक्रम से डरी हुई है। इसीलिए वह नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति नहीं दे रही है।'

भाजपा बोली- हम कोर्ट के आदेश का पालन कर रहे

वहीं भाजपा की राज्य इकाई के सह-मीडिया प्रभारी आलोक दुबे ने कहा कि गांधी के प्रस्तावित कार्यक्रम को छात्रों का समर्थन नहीं मिल रहा था, और कांग्रेस अपनी कमियों को छिपाने के लिए सत्ताधारी पार्टी पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा, 'हमारी सरकार नेहरू स्टेडियम के संबंध में हाई कोर्ट के पुराने आदेश का पालन कर रही है।'

मेयर बोले- नेहरू स्टेडियम में होंगी केवल खेल गतिविधियां

स्टेडियम इंदौर नगर निगम के नियंत्रण में आता है। मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार, नेहरू स्टेडियम में केवल खेल गतिविधियां या राज्य-स्तरीय सरकारी कार्यक्रम ही आयोजित किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस पार्टी अच्छी तरह जानती है कि वह राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में छात्रों को इकट्ठा नहीं कर पाएगी, और इसीलिए वह बहाने बना रही है।'

पटवारी ने आयोजन के लिए सीएम को लिखा था पत्र

गांधी के कार्यक्रम की तारीख में बदलाव की घोषणा से पहले, राज्य कांग्रेस प्रमुख पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को पत्र लिखकर 12 सितंबर को होने वाले कार्यक्रम के लिए स्टेडियम उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। उन्होंने पत्र में कहा था कि गांधी का कार्यक्रम कोई आम राजनीतिक आयोजन नहीं है, बल्कि देश का भविष्य, युवाओं के सपने, शिक्षा का अधिकार और शिक्षा प्रणाली की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर केंद्रित एक जन-संवाद है।

क्या है ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम?

'छात्रों की गूंज' कांग्रेस द्वारा शुरू किया गया एक छात्र-संवाद अभियान है, जिसके तहत देश भर के विभिन्न शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अभियान के माध्यम से, विपक्षी पार्टी परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक, महंगी शिक्षा, सरकारी भर्तियों में अनियमितताओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर सत्ताधारी भाजपा को घेरने की कोशिश कर रही है।

पिछले तीन महीनों में, पार्टी ने कोटा (राजस्थान), देहरादून (उत्तराखंड), प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) और पुणे (महाराष्ट्र) में यह कार्यक्रम आयोजित किया है।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़इंदौर में राहुल का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम टला, कांग्रेस ने भाजपा को घेरा