पेट्रोल भरवाकर भाग रहे लोगों ने इंदौर में पंप कर्मचारी को घसीटा, हुई मौत; गाड़ी पर लिखी थी खास पहचान
पुलिस का कहना है कि, 'घटना के बाद कार उज्जैन की ओर जाती दिख रही है। हालांकि, फुटेज में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर साफ नहीं दिख रहा है।' पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है और आरोपी की तलाश कर रही है।

मध्य प्रदेश में इंदौर के पास सांवेर शहर में एक पेट्रोल पंप पर काम करने वाले युवक की जान सिर्फ इसलिए चली गई, क्योंकि उसने अपना काम ईमानदारी से निभाने की कोशिश की थी। दरअसल एक वाहन चालक उस पेट्रोल पंप पर ईंधन भराने पहुंचा और करीब 4 हजार रुपए का तेल भरवाया। इसके बाद वह पैसे दिए बिना ही गाड़ी को भगाकर ले जाने लगा, इसी दौरान उस कर्मचारी ने दौड़कर उस वाहन चालक को पकड़ लिया। लेकिन तभी आरोपी ने खिड़की का कांच ऊपर चढ़ा लिया, जिससे उस युवक का हाथ भी उसी में फंस गया। इसके बाद आरोपी तेज स्पीड में गाड़ी को भगा ले गया, और वह कर्मचारी युवक भी उस गाड़ी के साथ घिसटता चला गया। करीब 300 मीटर आगे जाने के बाद जब आरोपी ने खिड़की का कांच नीचे किया तो युवक सिर के बल नीचे गिर गया, और गंभीर चोट लगने की वजह से उसकी मौत हो गई।
वाहन पर ‘करणी सेना’ सेना लिखा था
पुलिस ने बताया कि यह वारदात इंदौर के करीब सांवेर में कजलाना स्थित शिवलाल पेट्रोल पंप पर बुधवार तड़के करीब 3.30 से 4 बजे के बीच हुई। मृतक पेट्रोल पंप कर्मचारी की पहचान 22 वर्षीय रोहित परमार के रूप में हुई है। यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV में कैद हो गई, लेकिन फुटेज में कार का नंबर साफ नहीं दिखाई दे रहा है। ऐसे में पुलिस फिलहाल रास्ते में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी कार चालक को तलाश रही है। चश्मदीदों के मुताबिक, कार में चार से पांच लोग थे। साथ ही कार पर करणी सेना लिखे होने की बात भी सामने आ रही है।
4 हजार रुपए का तेल डलवाने के बाद भागे
मामले की जानकारी देते हुए सांवेर पुलिस स्टेशन के सब-डिविजनल ऑफिसर देवेंद्र सिंह धुर्वे ने PTI को बताया कि वाहन में 4,000 रुपए का पेट्रोल भरवाने के बाद ड्राइवर ने पैसे देने से मना कर दिया और गाड़ी को आगे बढ़ाने लगा। उन्होंने बताया कि जब पेट्रोल पंप कर्मचारी रोहित परमार ने खिड़की के अंदर हाथ डालते हुए वाहन ड्राइवर से पैसे मांगे, तो ड्राइवर ने उसका हाथ पकड़ लिया और कांच ऊपर करते हुए उसे काफी दूर तक घसीटा, जिसके बाद वाहन से गिरकर उसकी मौत हो गई।
उज्जैन की ओर जाता दिखा वाहन
पुलिस अधिकारी देवेंद्र सिंह का कहना है कि, 'CCTV फुटेज में घटना के बाद कार उज्जैन की ओर जाती दिख रही है। हालांकि, फुटेज में कार का रजिस्ट्रेशन नंबर साफ नहीं दिख रहा है।' उन्होंने कहा कि पुलिस ने कार ड्राइवर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के तहत गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है और आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया गैर इरादतन हत्या का मामला, लोग हुए नाराज
उस इस घटना से गुस्साए परिजनों व स्थानीय लोगों ने दोषी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग करते हुए बुधवार को उसी पेट्रोल पंप पर रोहित का शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने मामले में पुलिस द्वारा गैर इरादतन हत्या के मामले में केस दर्ज करने पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना था कि इस मामले में पुलिस को हत्या का मामला दर्ज करना चाहिए। उनका कहना है कि जिस तरह रोहित को घसीटा गया, वह स्पष्ट रूप से जानबूझकर की गई हत्या है।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


