
पैंट्री स्टाफ की घिनौनी हरकत, जूठी डिस्पोजल प्लेटों को दोबारा इस्तेमाल करना चाहता था; हो गया ऐक्शन
ट्रेन में सफर के दौरान अगर आप पैंट्री कार से खाना ऑर्डर करते हैं, तो यह खबर आपके रोंगटे खड़े कर देगी। रेलवे की खानपान व्यवस्था पर सवाल उठाती एक ऐसी घिनौनी हरकत कैमरे में कैद हुई है। एक कर्मचारी डस्टबिन में फेंकी गई जूठी डिस्पोजल प्लेटों को धोकर दोबारा इस्तेमाल के लिए तैयार कर रहा था।
ट्रेन में सफर के दौरान अगर आप पैंट्री कार से खाना ऑर्डर करते हैं, तो यह खबर आपके रोंगटे खड़े कर देगी। रेलवे की खानपान व्यवस्था पर सवाल उठाती एक ऐसी घिनौनी हरकत कैमरे में कैद हुई है। एक कर्मचारी डस्टबिन में फेंकी गई जूठी डिस्पोजल प्लेटों को धोकर दोबारा इस्तेमाल के लिए तैयार कर रहा था। यह पूरा पर्दाफाश सतना के एक जागरूक यात्री रवि द्विवेदी ने किया। उन्होंने इस पूरी करतूत का वीडियो बनाया। यह घटना ट्रेन संख्या 16601 (अमृत भारत एक्सप्रेस) में हुई।

डस्टबिन से सीधी वॉश बेसिन में पहुंचीं जूठी प्लेटें
शहडोल में नौकरी करने वाले रवि द्विवेदी, कटनी से सतना आने के लिए अमृत भारत एक्सप्रेस में सवार हुए थे। रिजर्वेशन न होने के कारण वे पैंट्री कार के पास खड़े थे। तभी उनकी नजर एक कर्मचारी पर पड़ी, जो डस्टबिन से जूठे डिस्पोजल बॉक्स और प्लेटें निकाल रहा था और उन्हें वहीं वॉश बेसिन में पानी से धो रहा था। यह साफ था कि इन जूठी प्लेटों में दोबारा खाना भरकर यात्रियों को परोसने की तैयारी थी।
आधे दाम में वापस हो जाते हैंः कर्मचारी
जब रवि ने कर्मचारी से पूछा कि वह यह क्या कर रहा है तो उसने बेखौफ होकर जो जवाब दिया, वह और भी चौंकाने वाला था। कर्मचारी ने कहा कि ये डिस्पोजल आधे दाम में वापस हो जाते हैं। इसलिए इन्हें धोकर दोबारा इस्तेमाल किया जाता है। जैसे ही कर्मचारी को भनक लगी कि रवि उसका वीडियो बना रहे हैं, वह भड़क गया और उन्हें धमकी देने लगा।
मामला दबाने के लिए 25000 का ऑफर
रवि ने यह वीडियो अपने मित्र पंकज शुक्ला को भेजा, जिन्होंने इसे रेल मंत्रालय को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया।पंकज शुक्ला ने बताया कि शिकायत के बाद रवि द्विवेदी के पास पैंट्री कार ठेकेदार का फोन आया और उसने यह शिकायत वापस लेने के एवज में 25 000 रुपये की रिश्वत की पेशकश की। लेकिन रवि ने इस पेशकश को ठुकरा दिया और कहा कि वह यात्रियों की सेहत के साथ हो रहे इस खिलवाड़ को उजागर करके ही रहेंगे।
रेलवे ने लिया कड़ा ऐक्शन
मामले के तूल पकड़ने के बाद, रेलवे ने एक्स पर जवाब देते हुए कड़ी कार्रवाई की जानकारी दी है। रेलवे ने बताया, "मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए वेंडर (कर्मचारी) की पहचान कर उसे तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। साथ ही, लाइसेंसी (ठेकेदार) के लाइसेंस को रद्द करने की कार्यवाही की जा रही है एवं भारी जुर्माना भी लगाया गया है।





