
MP में अमानवीयता की हद पार! पहले युवक से पैर धुलावाया, फिर पिला दिया वही पानी; VIDEO
मध्य प्रदेश के दमोह में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां पिछड़ा वर्ग के एक युवक को ब्राह्मणों द्वारा पहले पैर धुलने के लिए कहा गया और फिर उसी पैर धुले हुए पानी को पीने के लिए मजबूर किया गया।
मध्य प्रदेश के दमोह में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां पिछड़ा वर्ग के एक युवक को ब्राह्मण व्यक्ति का पैर धुलकर पीने के लिए मजबूर किया गया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। इस मामले में पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

मामला दमोह जिले के सतरिया गांव का है। यहां अनुज पांडेय नाम का युवक गांववालों की शराबबंदी की घोषणा के बावजूद शराब बेचता हुआ पकड़ा गया। इसके बाद गांव वालों ने उसपर 2100 रुपए का आर्थिक दंड लगाया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा। इन दोनों को ही अनुज पांडेय ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुरुषोत्तम कुशवाहा नाम के युवक ने एआई का साहार लेकर एक फोटो बनाई, जिसमें अनुज पांडेय के गले में चप्पल-जूतों की माला पहना दिया। इसको लेकर गांव में विवाद खड़ा हो गया। हालांकि, पुरुषोत्तम ने यह फोटो कुछ देर के बाद डिलीट कर दी और माफी भी मांग ली, लेकिन गांव के ही कुछ लोगों ने इसे ब्राह्मण समुदाय का अपमान माना और इस विवाद को जातिगत रंग दे दिया।
मामला तब ज्यादा बड़ा हो गया, जब ब्राह्मण समुदाय के युवक इकट्ठा हुए और पुरुषोत्तम से माफी मांगने के लिए कहने लगे। इसके बाद दबाव बनाकर पुरुषोत्तम को अनुज पांडेय का पैर धुलने और उसके बाद उसी पानी को पीने के लिए मजबूर किया गया। इस घटना का वीडियो बनाया गया और सोशल मीडिया पर वायरल भी किया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद पुरुषोत्तम कुशवाहा ने कहा कि मुझसे गलती हो गई, और मैंने माफी मांग ली है। वायरल वीडियो में कुशवाहा ने माफी मांगते हुए यह भी कहा कि अनुज पांडेय हमारे परिवार के गुरू हैं, कृपया इसे राजनितिक मुद्दा ना बनाएं। इस दौरान पुरुषोत्तम कुशवाहा ने वायरल वीडियो को सोशल मीडिया से डिलीट करने का भी आग्रह किया।
इस मामले पर अपना पक्ष रखते हुए अनुज पांडेय ने कहा कि यह हमारा आपसी मामला था, जो सुलझ गया है। पांडेय ने कहा कि हमारा और पुरुषोत्तम का गुरू शिष्या का रिश्ता है और मैंने उन्हें अपमानित नहीं किया है। पांडेय का कहना है कि लोग इस मामले पर राजनीति कर रहे हैं।



