एयर होस्टेस से पुलिस अफसर बनीं नेहा पच्चीसिया फिर सुर्खियों में, अवैध वसूली के आरोपों के बाद हुआ ऐक्शन

लाइव हिन्दुस्तान, कटनी, मध्य प्रदेश
Follow us on Google News
share

दोनों मामलों की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जबलपुर अनु बेनीवाल को सौंपी गई है। फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है। कटनी पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एयर होस्टेस से पुलिस अफसर बनीं नेहा पच्चीसिया फिर सुर्खियों में, अवैध वसूली के आरोपों के बाद हुआ ऐक्शन
एयर होस्टेस से पुलिस अफसर बनीं नेहा पच्चीसिया फिर सुर्खियों में, अवैध वसूली के आरोपों के बाद हुआ ऐक्शन

मध्य प्रदेश में कटनी शहर की नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उन पर एक ट्रांसपोर्टर से कथित अवैध वसूली का आरोप लगा है। शिकायत मिलने के बाद कटनी पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएसपी के चालक को निलंबित कर दिया है, साथ ही नेहा पच्चीसिया से तीन थानों का प्रभार वापस ले लिया है। वहीं इस पूरे मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य को सौंपी गई है। इसी बीच हत्या के एक मामले में चालान देरी से पेश होने और अन्य आरोपों को लेकर भी नेहा के खिलाफ विभागीय जांच तेज हो गई है।

यह पहला मौका नहीं है, जब नेहा पच्चीसिया का नाम किसी विवाद में आया है। कटनी में नगर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात नेहा पहले भी अपनी कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा में रही हैं। वह एयर होस्टेस की नौकरी छोड़कर पुलिस सेवा में आई थीं। अब उन पर लगे नए आरोपों ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।

ट्रांसपोर्ट व्यवसायी से 30 हजार रुपए मांगने का आरोप

प्राप्त जानकारी के अनुसार कटनी के ट्रांसपोर्ट व्यवसायी महेंद्र कुमार जैन ने 22 जुलाई को पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा को एक लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 21 जुलाई की रात वाहन चेकिंग के दौरान सीएसपी नेहा पच्चीसिया ने उनके हाईवा वाहन को रोक लिया और 30 हजार रुपए की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मौके पर 25 हजार रुपए नकद लिए गए और बाकी 5 हजार रुपए अगले दिन ड्राइवर के जरिए देने की बात कही गई।

‘पैसे नहीं देने पर कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी’

महेंद्र जैन ने अपने आवेदन के साथ कुछ साक्ष्य भी पुलिस को सौंपे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। मामले को लेकर जैन ने बताया कि वह ट्रांसपोर्ट का कारोबार करते हैं और उनके पास पांच हाईवा वाहन हैं, जो रेत और डोलोमाइट के परिवहन में लगे हैं। उनके अनुसार जांच के नाम पर उनकी गाड़ी रोकी गई और पैसे नहीं देने पर वाहन थाने में खड़ा कर कार्रवाई करने की बात कही गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के बाद हुआ ऐक्शन, 3 थानों का प्रभार छीना

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने प्रारंभिक जांच कराई, इसके बाद सीएसपी नेहा पच्चीसिया के चालक के रूप में तैनात आरक्षक केशव सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही एसपी ने नया कार्य विभाजन आदेश भी जारी किया, आदेश के तहत नेहा पच्चीसिया के कार्यक्षेत्र से कुठला, माधवनगर और रंगनाथ नगर थाना हटा दिए गए। साथ ही इन तीनों थानों का प्रभार अजाक डीएसपी शिवा पाठक को सौंप दिया गया।

जांच पूरी होने पर पुलिस अधीक्षक को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

मामले की जांच कर रहे अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने बताया कि ट्रांसपोर्ट व्यवसायी की शिकायत प्राप्त हुई है। जिसके बाद शिकायतकर्ता महेंद्र जैन के बयान दर्ज कर लिए गए हैं, जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपी जाएगी। उन्होंने यह भी पुष्टि की कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर चालक को निलंबित किया गया है और कार्य विभाजन में बदलाव किया गया है।

एक अन्य मामले में भी लापरवाही बरतने पर बढ़ी मुश्किलें

इसी बीच नेहा पच्चीसिया की मुश्किलें एक अन्य मामले में भी बढ़ती दिखाई दे रही हैं। हत्या के एक प्रकरण में 90 दिन के भीतर चालान पेश नहीं किए जाने के कारण आरोपी को डिफॉल्ट जमानत मिलने का मामला भी विभागीय जांच के दायरे में आ गया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में हत्या के आरोपी ने सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ अदालत में परिवाद भी दायर किया है। परिवाद में आरोप लगाया गया है कि केस में लाभ दिलाने के बदले उसकी जमीन को बेहद कम कीमत पर बेच दिया गया। इस मामले की भी विभागीय स्तर पर जांच की जा रही है। विभागीय रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

एक के बाद एक सामने आए इन दोनों मामलों के बाद पुलिस मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों की भी नजर इस पूरे घटनाक्रम पर है। दोनों मामलों की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जबलपुर अनु बेनीवाल को सौंपी गई है। फिलहाल दोनों मामलों की जांच जारी है। कटनी पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़एयर होस्टेस से अफसर बनीं नेहा पच्चीसिया फिर खबरों में, आरोपों के बाद हुआ ऐक्शन