नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं मिला तो MP में बड़ा बवाल, एक हाईवे पूरी तरह ठप; पुलिस पर पथराव

लाइव हिन्दुस्तान, दतिया
Follow us on Google News
share

दतिया विधानसभा उपचुनाव के ऐलान के बाद यहां जमकर बवाल हो रहा है। नरोत्तम मिश्रा को टिकट ना मिलने से नाराज समर्थकों ने सड़क पर जमकर बवाल किया और पथराव भी किया। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं और पूरा हाईवे बंद हो गया है।

Narottam Mishra Datia news

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव के ऐलान के बाद से पूरे इलाके का सियासी तापमान बदला हुआ है। उम्मीद की जा रही थी कि भारतीय जनता पार्टी दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा को टिकट देगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। बीजेपी ने आशुतोष तिवारी को मैदान में उतार दिया। लिस्ट में नरोत्तम मिश्रा का नाम ना होने से नाराज नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने दतिया में इस्तीफों की झड़ी लगा दी। इसके बाद टिकट ना मिलने से नाराज समर्थकों ने एक स्तर आगे जाकर नेशनल हाईवे को ही जाम कर दिया और पुलिस पर भी पथराव कर दिया है। इस घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। एनएच-44 पर जाम के कारण हाईवे पर ही हजारों गाड़ियां फंसी हुई हैं।

24 घंटे का दिया अल्टीमेटम

बता दें कि कांग्रेस प्रत्याशी को सजा होने के बाद दतिया सीट खाली हुई थी। दतिया सीट खाली होने के बाद यहां उपचुनाव का ऐलान हुआ और पूरे सियासी गलियारों में यही चर्चा थी कि भाजपा दतिया से एक बार फिर से नरोत्तम मिश्रा को मैदान में उतारेगी, लेकिन ऐसा हुआ नहीं। इस बात से नाराज समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और हजारों समर्थकों की भीड़ नेशनल हाईवे-44 पर पहुंच गई। समर्थकों की भीड़ ने हाईवे को जाम करते हुए नरोत्तम मिश्रा को टिकट देने की मांग की। समर्थकों ने बीजेपी को अल्टीमेटम देते हुए अगले 24 घंटों में टिकट देने की मांग की है।

जाम खुलवाने पहुंची पुलिस पर पत्थरबाजी

नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों द्वारा एनएच-44 जाम करने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जाम खुलवाने का प्रयास किया तभी पथराव शुरू हो गया। इस मामले की जानकारी देते हुए दतिया के डीएम स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि हाईवे पर 12 घंटों से जाम लगा हुआ था, जिसकी वजह से कई बसें और एंबुलेंस हाईवे पर फंसे हुए थे। वानखेड़े ने बताया कि जब पुलिस की टीम जाम खुलवाने के लिए पहुंची तो उनपर पथराव शुरू हो गया। पथराव के बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे। डीएम ने बताया कि यहां प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज नहीं किया था और भीड़ पर किसी तरह के बल का इस्तेमाल भी नहीं किया गया है।

जिला अध्यक्ष ने दे दिया इस्तीफा

नरोत्तम मिश्रा को टिकट ना दिए जाने से नाराज समर्थकों में दतिया के जिलाध्यक्ष रघुवीर कुशवाहा का नाम भी शामिल है। रघुवीर कुशवाहा ने एक कदम आगे जाते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नाम एक पत्र लिखा और अपना इस्तीफा सौंप दिया। कुशवाहा ने कहा कि स्थानीय कार्यकर्ताओं की अनदेखी की गई है। कुशवाहा ने बीजेपी को अल्टीमेटम दिया है कि अगले 24 घंटों में यदि नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिया गया, तो दतिया जिले के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष समेत बड़ौनी पंचायत के अध्यक्ष और दतिया विधानसभा के 6 मंडलों के अध्यक्षों के साथ विधानसभा के 291 बूथों के सभी पदाधिकारी अपने पद के साथ-साथ पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा दे देंगे।

कौन हैं नरोत्तम मिश्रा

नरोत्तम मिश्रा दतिया विधानसभा सीट से विधायक रहे हैं। साल 2023 में हुए विधानसभा चुनावों में उन्हें कांग्रेस प्रत्याशी ने हरा दिया था। इससे पहले वो दतिया विधानसभा सीट से विधायक थे और राज्य सरकार में गृह मंत्री भी थे। साल 2023 में हुए विधानसभा चुनावों से पहले प्रदेश की राजनीति में नरोत्तम मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के एक बड़े चेहरे थे, लेकिन चुनावों के बाद मोहन यादव मुख्यमंत्री बने और नरोत्तम मिश्रा को अब दतिया से टिकट भी नहीं दिया गया है। फिलहाल कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखी जा रही है और विरोध प्रदर्शन भी हो रहे हैं। ऐसे में ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या भाजपा अपना फैसला पलटकर आशुतोष तिवारी की जगह नरोत्तम मिश्रा को टिकट देती है या नहीं।

Mohammad Azam

लेखक के बारे में

Mohammad Azam

संक्षिप्त विवरण

मोहम्मद आजम पिछले 3.5 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में बतौर कंटेंट प्रोडूसर काम कर रहे हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: मोहम्मद आजम पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। कम समय में आजम ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की बारीकियां सीखी हैं और अब भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट न्यूज टीम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

आजम ने ग्रेजुएशन तक विज्ञान की पढ़ाई की है, लेकिन राजनीतिक विषयों में रुचि उनको पत्रकारिता की तरफ खींच लाई। आजम ने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन देश के अग्रणी संस्थानों में से एक भारतीय जनसंचार संस्थान से पूरा किया। विज्ञान बैकग्राउंड होने के चलते आजम को फैक्ट आधारित पत्रकारिता करने में महारत हासिल है।


राजनीतिक पत्रकारिता में आजम

आजम की देश की राजनीति में काफी रुचि है। आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद की राजनीतिक घटनाओं की कई किताबों का अध्ययन होने के चलते अच्छी समझ है। यही कारण रहा कि आजम ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीतिक बीट से की। राजनीति के साथ आजम क्राइम और सोशल मीडिया पर वायरल चल रही खबरों में भी अच्छी महारत हासिल है।


पत्रकारिता का उद्देश्य

आजम का मानना है कि पत्रकारिता जनपक्षीय होनी चाहिए। पत्रकारिता के दौरान अपनी भावनाओं को काबू में रखकर तथ्य आधारित पत्रकारिता आजम को जिम्मेदार बनाती है। पत्रकारिता में आजम तथ्य आधारित सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही, साहित्यिक लेखन में भी महारत हासिल है।


विशेषज्ञता ( Area of Expertise )

पॉलिटिकल और क्राइम की खबरें
राजनीति से जुड़े लोगों के इंटरव्यू
क्राइम और वायरल खबरें
पॉलिटिकल एक्सप्लेनर

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।