दतिया उपचुनाव : BJP की ना के बाद नरोत्तम मिश्रा को अब इस पार्टी ने दिया टिकट का प्रस्ताव

भोपाल, पीटीआई
Follow us on Google News
share

Datia Assembly Bypoll : 30 जुलाई को होने वाले दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद शिवसेना (यूबीटी) ने एक बड़ी सियासी चाल चल दी है। पार्टी ने नरोत्तम मिश्रा को उसके टिकट पर लड़ने का प्रस्ताव दिया है।

Narottam Mishra

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए भाजपा द्वारा नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद उनके समर्थकों के बवाल के बाद सियासत तेज हो गई है। भाजपा में दिख रही इस अंतर कलह को भुनाने के लिए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने नरोत्तम मिश्रा को अपने टिकट पर दतिया से उपचुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया है।

शिवसेना (यूबीटी) यह प्रस्ताव भाजपा द्वारा शुक्रवार को आगामी दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार घोषित किए जाने के एक दिन बाद आया है। मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट नहीं दिए जाने के बाद उनके समर्थकों ने शुक्रवार को हाईवे जाम कर जोरदार उग्र प्रदर्शन किया था, जो कुछ स्थानों पर हिंसक हो गया था। इस दौरान किए गए पथराव में एसपी समेत 8 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। इस बीच, मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शनिवार को मीडिया से बात करते हुए भाजपा द्वारा दतिया में उम्मीदवार बदले जाने की संभावना से इनकार कर दिया।

‘… तो उद्धव और आदित्य ठाकरे भी करेंगे प्रचार’

शिवसेना (यूबीटी) की मध्य प्रदेश इकाई के प्रमुख सुनील शर्मा ने शनिवार को कहा कि यदि नरोत्तम मिश्रा इस प्रस्ताव को स्वीकार करते हैं तो पार्टी प्रमुख एवं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, पार्टी नेता आदित्य ठाकरे तथा अन्य वरिष्ठ नेता मध्य प्रदेश में उनके पक्ष में प्रचार करेंगे।

शर्मा ने कहा कि मैंने पार्टी नेतृत्व से चर्चा के बाद मिश्रा को यह प्रस्ताव दिया है। मैंने पार्टी की मध्य प्रदेश आईटी सेल के हेड नाहर सिंह गौर से कहा है कि वह मिश्रा के लिए भेजे गए निमंत्रण का वीडियो संदेश सोशल मीडिया पर शेयर करें।

शिवसेना (यूबीटी) के महाराष्ट्र विधानसभा में 20 विधायक और लोकसभा में तीन सांसद हैं। हाल ही में उसके 6 लोकसभा सांसद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो गए थे।

कांग्रेस ने दतिया में घनश्याम सिंह को बनाया उम्मीदवार

वहीं, कांग्रेस ने दतिया सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए शनिवार को घनश्याम सिंह को अपना उम्मीदवार घोषित किया है, जहां उनका मुकाबला भाजपा के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी से होगा। घनश्याम सिंह दतिया की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा माने जाते हैं। वह दो बार विधायक रह चुके हैं और उनका संबंध दतिया राजघराने से है।

दतिया में क्यों हो रहा उपचुनाव

दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव मौजूदा कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती को अदालत द्वारा धोखाधड़ी के एक मामले में दोषी ठहराए जाने और 3 वर्ष की सजा सुनाए जाने से उनकी विधानसभा सदस्यता समाप्त होने के चलते कराए जा रहे हैं। दतिया विधानसभा सीट पर 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे, जबकि मतगणना 3 अगस्त को होगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।