मुस्कान पर 3 सेकेंड में चाकू से 4 वार, MP के रेस्टोरेंट में मर्डर का CCTV फुटेज आया सामने

लाइव हिन्दुस्तान, जबलपुर
Follow us on Google News
share

जबलपुर के एक रेस्टोरेट में हुई महिला कर्मचारी की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने आपसी झगड़े के बाद मुस्कान को चाकू से गोद डाला था। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज अब सामने आया है। 

muskan murder in jabalpur resturant
जबलपुर के रेस्टोरेंट में मुस्कान की हत्या

मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई महिला कर्मचारी का हत्या का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में आरोपी युवक कोने में खड़े होकर अपना काम कर रही महिला पर चाकू से एक के बाद एक ताबड़तोड़ 4 वार करता दिख रहा है। हमला करने के बाद भी आरोपी आराम से अपना काम करता रहा। यह पूरी घटना रेस्टोरेंट के किचन में लगे एक सीसीटीवी में कैद हो गई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, 14 अगस्त की रात जबलपुर जिले के गोहलपुर थाना क्षेत्र के महफिल रेस्टोरेंट में खाना बनाने को लेकर एक महिला मुस्कान और पुरुष कर्मचारी पवन बर्मन में विवाद हो गया था। इस दौरान दोनों के बीच बहस हुई जिसकी शिकायत के बाद मैनेजर ने पवन को डांट लगाई और काउंटर पर जाकर बैठ गया। इससे गुस्साए पवन ने किचन में रखे चाकू से मुस्कान को गोद डाला।

साथी कर्मचारियों ने पहुंचा अस्पताल

मुस्कान की चीख सुनकर रेस्टोरेंट के एक अन्य कर्मचारी ने देखा कि लहूलुहान हालत में मुस्कान जमीन पर बैठी थी और पवन के हाथ में चाकू था। कुछ देर बाद रेस्टोरेंट के दूसरे कर्मचारी भी दौड़कर किचन में पहुंच गए। उन्होंने मुस्कान को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद पवन मौके से फरार हो गया था। बताया जा रहा है कि कर्मचारियों के पहुंचने के बाद पवन ने चाकू वहीं फेंक दिया था। इस घटना के बाद रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहक भी घबरा कर बाहर निकल गए। सोमवार शाम को चाकू मारने का वीडियो सामने आया।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

सीसीटीवी वीडियो में आरोपी युवक पवन कुछ दूरी पर खड़ी साथी कर्मचारी मुस्कान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करता नजर आ रहा है। उसने मुस्कान पर चाकू से करीब 4 वार कर लहूलुहान कर दिया था। युवती को गंभीर हालत में अस्पताल पहुचाया गया, जहां युवती की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दौरान आरोपी भी मौका पाकर फरार हो गया था। हालांकि, अब पुलिस ने आरोपी पवन बर्मन को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार सामने आया सीसीटीवी फुटेज जांच में अहम साक्ष्य है। हत्या की वजह जानने के लिए आरोपी से पूछताछ जारी है। एएसपी के अनुसार, पवन का काम के दौरान अक्सर किसी न किसी कर्मचारी से विवाद होता था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है मामले में जांच पड़ताल जारी है।

खाना बनाने को लेकर दोनों में हुआ था विवाद

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पाटन की रहने वाली मुस्कान चौधरी करीब एक साल से महफिल रेस्टोरेंट में सर्विस प्रोवाइडर का काम कर रही थी। बरगी निवासी पवन भी वहां काम करता था। घटना वाले दिन दोनों किचन में काम कर रहे थे। खाना बनाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया था। पवन मुस्कान से बहस करने लगा और इसके बाद मुस्कान किचन में रोटी बनाने लगी। इसी दौरान दोनों के बीच दोबारा विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान पवन ने युवती मुस्कान चौधरी पर चाकू से हमला कर दिया। उसने करीब 3 सेकेंड में 4 बार चाकू से वार किए। इसके बाद खून से लगे चाकू लेकर मौके पर खड़ा रहा। मुस्कान बचाओ-बचाओ बोलकर चीखती-चिल्लाती रही। चाकू लगने के बाद किचन में ही निढाल होकर गिर गई।

गुस्सैल स्वभाव का है पवन

पुलिस के अनुसार, करीब एक साल पहले पवन का एक ऐसी लड़की से विवाद हुआ था, जिससे वह प्यार करता था। विवाद के बाद उसने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की थी। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी जान बच गई थी। पुलिस की जांच में पवन के स्वभाव को लेकर भी जानकारी सामने आई है, वह गुस्सैल स्वभाव का है। काम के दौरान अक्सर किसी न किसी कर्मचारी से उसका विवाद होता रहता था। इसको लेकर रेस्टोरेंट के मैनेजर और मालिक उसे कई बार डांट चुके थे।

एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि अभी तक जांच में विवाद की मुख्य वजह मुस्कान की पवन को लेकर मैनेजर से की गई शिकायत सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, इससे पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, लेकिन साथ काम करने वाले कर्मचारियों ने उस समय विवाद सुलझा दिया था।

रिपोर्ट - विजेंद्र यादव

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़महिला को 3 सेकेंड में चाकू से 4 वार,रेस्टोरेंट में मर्डर का CCTV फुटेज आया सामने