Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़mp satna district court attack accused shubham pal police custody violence
कोर्ट में रेप के आरोपी पर हमला, भाई को सरेआम पीटा; पुलिस ने दौड़कर बचाई बदमाश की जान

कोर्ट में रेप के आरोपी पर हमला, भाई को सरेआम पीटा; पुलिस ने दौड़कर बचाई बदमाश की जान

संक्षेप:

मध्य प्रदेश के सतना में पेशी पर आए दुष्कर्म के आरोपी पर पीड़ित पक्ष के 25 से ज्यादा लोगों ने हमला कर दिया; पुलिस और वकीलों ने सूझबूझ से आरोपी को बचाया, जबकि पुलिस ने दो हमलावरों को हिरासत में लिया है।

Dec 19, 2025 12:53 pm ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, सतना
share Share
Follow Us on

मध्य प्रदेश के सतना जिले में जिला अदालत परिसर गुरुवार को किसी फिल्म के एक्शन सीन की तरह अखाड़े में तब्दील हो गया। यहां दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे संगीन जुर्म के आरोपी शुभम पाल को पेशी पर लेकर पहुंची पुलिस के सामने ही पीड़ित पक्ष के गुट ने हमला बोल दिया। करीब 25 से ज्यादा हमलावरों ने पुलिस कस्टडी में मौजूद आरोपी को छीनने की कोशिश की और मौके पर मौजूद उसके भाई की जमकर धुनाई कर दी। करीब 15 से 20 मिनट तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच वकीलों और पुलिस ने सूझबूझ दिखाई और आरोपी को भीड़ से खींचकर कोर्ट के अंदर ले गए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

10-10 की टोली में घात लगाकर बैठा था गुट

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह हमला आवेश में नहीं, बल्कि पूरी 'प्लानिंग' के साथ किया गया था। जानकारी मुताबिक, कोलगवां पुलिस की गाड़ी जैसे ही कुख्यात आरोपी शुभम पाल (निवासी शिव कॉलोनी) को लेकर कचहरी के पश्चिमी गेट पर रुकी, वहां पहले से मौजूद भीड़ ने उसे घेर लिया। पुलिस को शक न हो, इसलिए 25 से ज्यादा हमलावर 10-10 के छोटे समूहों में कोर्ट परिसर में अलग-अलग जगह खड़े थे। इशारा मिलते ही सब एक साथ पुलिस जीप की तरफ टूट पड़े।

भाई को पीटा, वकीलों ने किया बीच-बचाव

भीड़ का गुस्सा सातवें आसमान पर था। उन्होंने सबसे पहले वहां खड़े शुभम के भाई को दबोच लिया और उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद वे शुभम पाल की ओर लपके। हंगामा बढ़ता देख मौके पर मौजूद वकीलों ने दौड़कर बीच-बचाव किया। हालात बिगड़ते देख पुलिसकर्मी मुस्तैदी दिखाते हुए शुभम को भीड़ के चंगुल से निकालकर दौड़ते हुए कोर्ट बिल्डिंग के सुरक्षित हिस्से में ले गए। एक्स्ट्रा फोर्स के आते ही हमलावर मौके से भाग खड़े हुए।

पीड़ित पक्ष का गुट था, 2 हिरासत में

सीएसपी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुभम पाल एक आदतन अपराधी है। उस पर बलात्कार, धारा 307 (हत्या का प्रयास) और हवाई फायर करने के केस दर्ज हैं। वह 10 हजार का इनामी भी था, जिसे पुलिस ने 17 दिसंबर की रात नई बस्ती से गिरफ्तार किया था। सीएसपी ने बताया कि हमला करने वाले दुष्कर्म पीड़िता पक्ष के लोग थे। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लिया है। अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जा रहा है। अन्य की तलाश की जा रही है।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|