MP: ड्राइवर के घर बंदूक तलाशने गई पुलिस को मिला नोटों का अंबार, मंगानी पड़ी मशीन
एमपी के सागर में सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ फोटो वाले के घर हथियार बरामद करने पहुंची पुलिस को आरोपी के घर से लगभग 3 करोड़ रुपये का कैश मिल गया। आलम यह कि नोट गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी।

एमपी के सागर जिले में पुलिस सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ फोटो देखकर आरोपी टैक्सी ड्राइवर के घर तलाशी लेने पहुंची। पुलिस को घर से बंदूक तो नहीं मिली लेकिन 3 करोड़ रुपये बरामद हो गए। इतनी बड़ी रकम देखकर पुलिस अधिकारी भी हैरान रह गए। पुलिस को नोटों की गिनती के लिए मशीन तक मंगानी पड़ी। पुलिस ने बताया कि आरोपी के परिजनों ने दावा किया कि रकम भोपाल में तैनात PWD इंजीनियर उनके एक रिश्तेदार की है।
बड़ी मात्रा में नोट देखकर पुलिस अधिकारी भी दंग
बताया जाता है कि सागर जिले के गोपालगंज थाना क्षेत्र के तिली तिगड्डा में पुलिस एक टैक्सी ड्राइवर के घर बंदूक तलाशने पहुंची थी। पुलिस ने घर की तलाशी ली। पुलिस को तलाशी के दौरान बंदूक तो नहीं मिली लेकिन घर से करीब 3 करोड़ रुपए का कैश मिल गया। इतनी बड़ी मात्रा में नोट देखकर पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए। आलम यह कि नोटों की गिनती के लिए पुलिस को नोट गिनने की मशीन तक मंगानी पड़ी।
सोशल मीडिया पर डाली थी बंदूक के साथ फोटो
आरोपी युवक की पहचान सौरभ अहिरवार के रूप में हुई है। आरोपी सौरभ अहिरवार टैक्सी ड्राइवर है। उसने सोशल मीडिया पर बंदूक के साथ फोटो पोस्ट की थी। इसके आधार पर पुलिस उसकी जानकारी जुटाते हुए घर पहुंची थी। परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। मीडिया को उनसे बातचीत की अनुमति नहीं दी गई है। एक टैक्सी ड्राइवर के यहां से इतने बड़े पैमाने पर कैश मिलने की खबर से आसपास के निवासी भी हैरान हैं।
करीब 5 घंटे तक चली नोटों की गिनती
पुलिस और राजस्व विभाग की टीम की मौजूदगी में नोटों की गिनती करीब 5 घंटे तक चली। गिनती में कुल राशि 3 करोड़ रुपये का होना बताया गया। आयकर विभाग को भी इतनी बड़ी मात्रा में नोट बरामदगी के बारे में जानकारी दे दी गई है। राजस्व विभाग की टीमें भी रकम और उससे जुड़े दस्तावेजों की छानबीन कर रही हैं। कार्रवाई जारी है।
आरोपी का खुलासा, रिश्तेदार PWD इंजीनियर का है पैसा
एडिशनल एसपी नरेंद्र सोलंकी ने बताया कि आरोपी अपने भाई अंकित और मां के साथ रहता है। दोनों भाई टैक्सी ड्राइवर हैं। पिता का निधन हो चुका है। घर से करीब 3 करोड़ रुपए मिले हैं। परिजनों का कहना है कि यह रकम भोपाल के चूना भट्टी निवासी उनके रिश्तेदार की है जो PWD में इंजीनियर हैं। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि करीब 3 करोड़ रुपए की रकम किसकी है? इसका स्रोत क्या है? इसे वहां क्यों रखा गया था?


