MP के सागर में जहरीली शराब का तांडव, 4 गांवों के 10 लोगों की मौत
मध्य प्रदेश के सागर में कई लोगों की संदिग्ध मौत हो गई है। आशंका है कि इन लोगों ने शनिवार रात को जहरीली शराब पी थी जिसके बाद इनकी तबीयत बिगड़ गई।

मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली और अवैध शराब पीने से 10 लोगों की मौत हो गई। रविवार सुबह सभी को बंडा सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत का शुरुआती कारण जहरीली शराब पीना ही बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात घूघर, नौराज, बराज और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने शराब पी थी।
इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।कलेक्टर ने लोगों से अपील है कि पिछले 24 से 48 घंटे में किसी भी तरह की शराब पी है या जहरीली शराब के लक्षण दिखाई दे रहे हैं तो तुरंत स्क्रीनिंग कराएं। उन्होंने कहा कि लोग स्थानीय डॉक्टरों की टीम से संपर्क कर सकते हैं या सीधे सिविल अस्पताल पहुंचकर जांच करा सकते हैं।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने कहा है कि डॉक्टरों की टीम सभी मामलों पर लगातार नजर रखे हुए हैं। मेडिकल और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों में चार गांवों के लोग शामिल बताए जा रहे हैं। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और शराब के सेवन से हुई मौतों के कारणों को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। प्रभावित लोगों के इलाज और जांच के लिए सिविल अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। घटना से प्रभावित मुख्य क्षेत्रों में डॉक्टरों और SDM की टीम घर-घर जाकर स्क्रीनिंग कर रही है।
डॉक्टरों ने क्या बताया?
आस्पताल के डॉक्टर के अनुसार लाए गए मरीजों के शरीर नीले पड़ गए थे और उन्हें अकड़न महसूस हो रही थी। फिलहाल 30 से अधिक लोगों को अस्पताल लाया गया है। घटना के बाद प्रभावित गांवों में स्क्रीनिंग की जा रही है। शराब पीने वाले लोगों को चेकअप के लिए अस्पताल लाया जा रहा है। प्रशासन ने अपील की है कि जिन लोगों ने शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द या बुखार जैसे लक्षण महसूस हो रहे हैं, वे एहतियात के तौर पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराएं।
जानकारी के अनुसार बमुराबेड़ा गांव के रामकुमार दांगी के चचेरे भाई की भी मौत हुई है। रामकुमार दांगी ने बताया, शराब पीने से मौतें हो रही हैं। हमारे गांव में चार मौतें हुई हैं। पिछले दो दिनों में पहले दिन एक और दूसरे दिन तीन मौतें हुई हैं। हमें शराब से मौत का पता ऐसे चला क्योंकि तीन लोगों ने साथ में शराब पी थी। एक दम से इनका शरीर ठंडा होने लगा था। आधे घंटे में दम तोड़ दिया।
मौतों के बाद सागर कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और एसपी ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज की व्यवस्था का जायजा लिया अधिकारियों ने अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रथम दृष्टया एहतियातन क्षेत्र की 6 दुकानों को सील किया गया है। साथ ही तत्काल सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं।


