MP के सागर में शादी से 10 दिन पहले युवती की संदिग्ध मौत, हादसा या साजिश? जांच में जुटी पुलिस
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के सागर में जरूवखेड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत बांदरी रोड पर शुक्रवार को 22 वर्षीय युवती की कथित तौर पर सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद जिस घर से कुछ दिन बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां से अब उसकी अर्थी उठेगी।

मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां जिस घर से कुछ दिन बाद बेटी की डोली उठनी थी, वहां से अब उसकी अर्थी उठेगी। जरूवखेड़ा पुलिस चौकी अंतर्गत बांदरी रोड पर शुक्रवार को 22 वर्षीय युवती की कथित तौर पर सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे की खबर मिलते ही घर में खुशियों का माहौल अचानक मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक युवती की शादी आगामी 21 अप्रैल को तय थी और एक दिन बाद लग्न कार्यक्रम होना था। परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। घटना के दिन युवती के पिता और भाई शादी के कार्ड बांटने गए हुए थे, तभी यह हादसा हो गया। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं घटनास्थल के पास स्थित पुलिया के करीब से पुलिस को युवती के दस्तावेज भी मिले हैं, जिससे यह मामला कुछ संदिग्ध हो गया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने आसिफ खान नाम के युवक पर लगाया आरोप
मृतक युवती के परिजनों ने आरोप लगाया है कि आसिफ खान नामक एक युवक लंबे समय से उनकी बेटी को परेशान कर रहा था और उस पर शादी का दबाव बना रहा था। आरोप है कि घटना के दिन जब घर पर कोई नहीं था, तब वह लक्ष्मी को अपने साथ ले गया। शाम करीब 5 बजे परिजनों को सूचना मिली कि लक्ष्मी की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है, जबकि आरोपी युवक पूरी तरह सुरक्षित बताया जा रहा है।
हिन्दू संगठनों ने जताया हत्या का शक
फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही घटना की वास्तविकता सामने आ सकेगी। हालांकि, हिन्दू संगठनों ने इस घटना को हत्या करार दिया है और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट : विजेन्द्र यादव


