यात्री कभी ना करें यह गलती, मुरैना हादसे पर रेलवे की खास अपील; कैसे मची अफरातफरी?
मध्य प्रदेश के मुरैना में खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस में चेन खींचने से ट्रेन रुक गई। कुछ यात्री नीचे रेलवे ट्रैक पर उतर गए और सामने से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से खास अपील की है।
मध्य प्रदेश के मुरैना में एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। रविवार शाम को खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस में किसी यात्री ने अचानक चेन खींच दी, जिससे ट्रेन हेतमपुर-धौलपुर खंड पर रुक गई। इस दौरान कुछ यात्री बिना अनुमति के नीचे उतरकर पास की पटरी पर चले गए, तभी सामने से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से कई लोग हताहत हो गए। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू कर दिया है और हादसे की जांच जारी है। इस हादसे पर रेलवे ने गहरा दुख जताया है। रेलवे ने यात्रियों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।
ऐसे मची अफरातफरी और कूदने लगे लोग
अधिकारियों के मुताबिक, मुरैना में हेतमपुर रेलवे स्टेशन के निकट खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक डिब्बे में आग लगने की अफवाह फैलने पर अफरा-तफरी मच गई। मुरैना के जिलाधिकारी लोकेश कुमार जांगिड़ ने बताया कि रेल इंजन से जुड़ी बोगी में अचानक चिंगारी और धुआं निकला, जिसके बाद कुछ यात्रियों ने जंजीर खींचकर ट्रेन को रोक दिया। इस दौरान, कुछ लोग बिना सोचे-समझे जान बचाने के लिए ट्रेन से कूदने लगे और रेलवे ट्रैक पर आ गए।
आग लगने की अफवाह के बाद चेन पुलिंग
उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि ट्रेन में आग लगने की अफवाह के बाद चेन पुलिंग की गई। इसके बाद यात्रियों में अफरातफरी फैल गई। जल्दबाजी में कुछ यात्री ट्रेन से उतर गए। इसी दौरान दूसरी पटरी पर पातालकोट एक्सप्रेस गुजर रही थी, जिसकी चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई।
मृतकों में 3 आगरा और एक बीकानेर निवासी
इसी दौरान दूसरी पटरी से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 यात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिलां और एक बच्चा आगरा के हैं, जबकि एक अन्य महिला राजस्थान के बीकानेर की हैं। जान गंवाने वाले मृतकों की पहचान आफरीन पत्नी नदीम खान (35), निवासी सुल्तानगंज की पुलिया, थाना आगरा; अमद खान पुत्र नदीम खान (4), शकुंतला पत्नी भूरी सिंह परमार (60), निवासी माल कचहरा थोक आगरा; निरमा देवी पत्नी गिरधारी गिरी (60), निवासी भैंसौरा, बीकानेर के रूप में की गई है।
बिना अनुमति ना उतरें यात्री
रेलवे ने अपील की है कि यात्री किसी भी परिस्थिति में चलती या रुकी हुई ट्रेन से बिना अनुमति न उतरें। रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें। बताया जाता है कि हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही सरकारी रेलवे पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल तथा स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटना के कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।


