मंत्री विजय शाह ने फिर मांगी माफी, कर्नल सोफिया कुरैशी पर की थी टिप्पणी; कहा-जोश में हुई गलती

Feb 07, 2026 08:30 pm ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share

मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर अपनी टिप्पणी के लिए दोबारा सार्वजनिक माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि उनका इरादा सेना या किसी महिला अधिकारी का अपमान करना नहीं था, बल्कि शब्द जोश में निकल गए।

मंत्री विजय शाह ने फिर मांगी माफी, कर्नल सोफिया कुरैशी पर की थी टिप्पणी; कहा-जोश में हुई गलती

मध्य प्रदेश के जनजातीय कार्य मंत्री कुंवर विजय शाह ने एक बार फिर अपनी विवादित टिप्पणी पर सफाई और माफी पेश की है। उन्होंने भारतीय सेना की महिला अधिकारी और 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान मीडिया ब्रीफिंग के लिए चर्चित रहीं कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद देशभर में हंगामा हुआ। विवाद होने पर वो पहले भी माफी मांग चुके हैं। लेकिन उन्होंने एक बार फिर दोहराया है कि उनका इरादा किसी महिला अधिकारी, भारतीय सेना या किसी समुदाय को ठेस पहुंचाने का नहीं था।

'देशभक्ति के जोश में निकले शब्द'

मंत्री विजय शाह ने अपने बयान में कहा, "मैंने किसी महिला अधिकारी, भारतीय सेना या समाज के किसी वर्ग का अपमान करने का इरादा नहीं रखा था। ये शब्द देशभक्ति के जोश, उत्साह और जज्बे में निकल गए। गलती के पीछे के भावना को समझा जाए। जैसा कि सब जानते हैं, मेरा कोई दुर्भावना नहीं था। मैंने कई बार दिल से माफी मांगी है और आज फिर मांग रहा हूं। मेरी इस छोटी सी गलती से इतना विवाद होना मेरे लिए बेहद दर्दनाक है। मुझे यकीन है कि मेरे भावनाओं को सही संदर्भ में समझा जाएगा।"

सेना के प्रति सम्मान दोहराया

शाह ने आगे कहा कि उन्होंने हमेशा भारतीय सेना का सर्वोच्च सम्मान किया है और आगे भी करते रहेंगे। उन्होंने माना कि सार्वजनिक जीवन में शब्दों की मर्यादा और संवेदनशीलता बहुत जरूरी है। इस घटना पर उन्होंने गहराई से विचार किया, सबक सीखा और जिम्मेदारी ली है। मंत्री ने वादा किया कि भविष्य में शब्दों के चयन में और अधिक सावधानी बरतेंगे ताकि ऐसी गलती दोबारा न हो।

'सभी से दिल से माफी'

उन्होंने सभी नागरिकों, भारतीय सेना और इससे जुड़े हर व्यक्ति से दिल से माफी मांगी। यह बयान ऐसे समय आया है जब इस मामले में पहले भी कई बार माफी और कोर्ट की टिप्पणियां हो चुकी हैं, लेकिन विवाद पूरी तरह थमा नहीं था।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|