
ग्वालियर में आधी रात बदमाशों का आतंक, सास-ससुर को पीटा, बहू को उठा ले गए
बता दें कि गिर्जा गांव निवासी गिर्राज गुर्जर की शादी डेढ़ साल पहले श्योपुर जिले के सेसईपुरा गांव की अन्नू गुर्जर से हुई थी। शादी के बाद से ही मुरैना जिले के तिलौंदा गांव का रहने वाला योगेंद्र गुर्जर उर्फ योगी महिला के पति गिर्राज को लगातार धमकाता और परेशान करता था।
ग्वालियर के तिघरा में बुधवार रात गुर्जर परिवार पर बदमाशों ने हमला कर दहशत फैला दी। करीब 15 बदमाश हथियारों से लैस होकर घर में घुसे और दनादन फायरिंग कर दी। इतना ही नहीं, इन बेखौफ बदमाशों ने बंदूक के बटों से परिवार को पीटा और घर की बहू को उठाकर ले गए। बहू के सास ससुर, चाचा और दादी घायल हुए हैं। घटना तिघरा थाना क्षेत्र के गिर्जा गांव की है। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

बता दें कि गिर्जा गांव निवासी गिर्राज गुर्जर की शादी डेढ़ साल पहले श्योपुर जिले के सेसईपुरा गांव की अन्नू गुर्जर से हुई थी। शादी के बाद से ही मुरैना जिले के तिलौंदा गांव का रहने वाला योगेंद्र गुर्जर उर्फ योगी महिला के पति गिर्राज को लगातार धमकाता और परेशान करता था। बुधवार रात योगेंद्र अपने साथियों कल्ली उर्फ किलेदार, डीपी, तहसिला, शेरू, भोला, बिज्जी, सत्यवीर और प्रदीप सहित करीब 15 लोगों के साथ गिर्राज के घर पहुंचा। बदमाशों ने घर पर हमला कर दिया। 10 बदमाश फायरिंग करते रहे। पांच गिर्राज के पिता ब्रजलाल , मां भगवती, दादी धनवंती और चाचा रामेश्वर को बंदूक के बटों से पीटते रहे। इसके बाद बदमाश बहू अन्नू को उठा ले गए।
पुलिस के मुताबिक आरोपी योगेंद्र का अन्नू से प्रेम प्रसंग था। अन्नू की किसी कारणवश योगेंद्र से शादी नहीं हो पाई। योगेंद्र प्रेमिका को उठाने की फिराक में था। इसी कारण करवा चौथ से ठीक दो दिन पहले उठा ले गया। ससुर ब्रजलाल का कहना है कि बहू अन्नू नौ महीने की गर्भवती है। इसी महीने घर में बच्चे की किलकारी गूंजने वाली थी। बदमाश आए, मुझे, मेरी पत्नी, मां और भाई को पीटा और बहू को उठाकर ले गए।
सीएसपी कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि तिघरा पुलिस ने घायलों को जेएएच में भर्ती कराया। डॉक्टर का कहना है कि गोली किसी को नहीं लगी है। मारपीट से सभी लोग घायल हुए हैं। रामेश्वर की हालत गंभीर है। पुलिस ने गिर्राज की शिकायत पर मुरैना निवासी योगेंद्र और उसके साथियों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बदमाशों पर पहले से कई केस दर्ज हैं।
रिपोर्ट- अमित कुमार





