
आ गई तारीख, सीएम यादव ने बताया- कब करेंगे लाड़ली बहना योजना की इस महीने की राशि ट्रांसफर
'लाड़ली बहना योजना' जून 2023 में शुरू की गई थी। इस योजना के अंतर्गत नवंबर 2025 से मासिक सहायता राशि में 250 रुपए की बढ़ोतरी करते हुए इसे 1500 रुपए कर दिया गया।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 16 जनवरी (शुक्रवार) को नर्मदापुरम जिले के माखन नगर (बाबई) में होने वाले लाड़ली बहनों के राज्य स्तरीय सम्मेलन में 'लाड़ली बहना' योजना के अंतर्गत लाभार्थियों के बैंक खातों में 32वीं किस्त का ट्रांसफर करेंगे। इस मौके पर सीएम यादव राज्य भर की लगभग 1 करोड़ 25 लाख से ज्यादा पात्र बहनों के खातों में 1500 रुपए की राशि भेजेंगे। इस दौरान वे कुल 1836 करोड़ रुपए से ज्यादा रकम लाडली बहनों को भेजेंगे। इसके साथ ही उनके द्वारा गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 29 लाख बहनों को 90 करोड़ रुपए से ज्यादा राशि का अंतरण भी किया जाएगा। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण भी करेंगे।
इस बारे में जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'नारी सशक्तिकरण, प्रदेश सरकार का प्रण है... कल दोपहर दो बजे नर्मदापुरम के बाबई में अपनी 'लाड़ली बहनों' के बैंक खातों में 32वीं किस्त का अंतरण कर, उनसे संवाद करूंगा।'
'लाड़ली बहना योजना' जून 2023 में शुरू की गई थी। इस योजना के अंतर्गत नवंबर 2025 से मासिक सहायता राशि में 250 रुपए की बढ़ोतरी करते हुए इसे 1500 रुपए कर दिया गया। जिसके चलते इस योजना की पात्र महिला लाभार्थियों को वित्तीय सहायता के रूप में अब हर महीने 1,500 रुपए दिए जा रहे हैं।
बता दें कि जून 2023 से दिसंबर 2025 तक, इस योजना के तहत लाभार्थियों के खातों में कुल 48,632.70 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। अकेले जनवरी 2024 और दिसंबर 2025 के बीच, ट्रांसफर की गई राशि 38,635.89 करोड़ रुपए थी।
सरकार की योजना है कि आने वाले समय में इस योजना की लाभार्थी महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों से जोड़ा जाएगा, जिससे वे और भी अधिक आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें।





