MP में बस हादसे के बाद लोगों को बचाने नंगे पैर भागे थे 113 पुलिसकर्मी, CM ने की इनाम देने की घोषणा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने बताया कि कांग्रेस विधायक दल मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महिलाओं पर दबाव डाले जाने की शिकायतें मिली हैं, उनसे कहा गया कि अगर वे नहीं पहुंचीं तो 'लाड़ली बहना योजना' का लाभ बंद कर दिया जाएगा।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हाल ही में छिंदवाड़ा में हुए बस हादसे के बाद घायलों की मदद करने वाले 113 पुलिसकर्मियों के लिए विशेष इनाम की घोषणा की है। सीएम ने इन पुलिसकर्मियों के लिए 2 हजार से लेकर 5 हजार रुपए तक के नकद इनाम की घोषणा की है। हादसे का पता चलते ही इनमें से ज्यादातर पुलिसकर्मी लोगों को बचाने के लिए नंगे पैर ही भागकर घटनास्थल पर पहुंच गए थे, और इस दौरान उन्होंने वहां पड़े कांच के टुकड़ों की भी परवाह नहीं की थी। मुख्यमंत्री को जब इस बारे में पता चला तो उन्होंने रीवा के पुलिस प्रशिक्षण स्कूल (PTS) और छिंदवाड़ा जिला पुलिस के इन जवानों की जमकर सराहना की और इनाम की घोषणा की।
पुलिस ने बताया कि गुरुवार शाम छिंदवाड़ा में मुख्यमंत्री के एक कार्यक्रम से लौट रही एक बस की टक्कर एक पिकअप वाहन से हो गई थी, और वह पलट गई थी। इस घटना में 10 लोगों की मौत हो गई थी और 31 अन्य घायल हो गए थे। इनमें से तीन से चार घायल लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद तुरंत मौके पर पहुंच गई थी PTS रीवा की टीम
इस बारे में राज्य सरकार की तरफ से बताया गया कि जब यह हादसा हुआ उस वक्त दुर्घटनाग्रस्त बस के पीछे PTS रीवा की एक टीम भी आ रही थी, जो तुरंत मौके पर पहुंच गई थी और बिना किसी देरी के जवानों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया था। इस दौरान कई जवान नंगे पैर ही घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े थे और उन्होंने टूटे हुए कांच पर चलते हुए घायल लोगों को बाहर निकाला था।
बस को 3 फीट ऊपर उठाकर घायलों को बाहर निकाला था
इस दौरान PTS टीम ने इमरजेंसी नंबर 112 पर फोन करते हुए मदद भी बुलाई थी और पलटी हुई बस को लगभग तीन फीट ऊपर उठाते हुए उसके नीचे फंसे लोगों को भी बचाया था। अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद पुलिसकर्मियों ने घायल लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाने में भी 'डायल-112' और स्थानीय पुलिस की मदद की थी। पुलिस ने बताया कि इन जवानों की बहादुरी और समर्पण की वजह से लगभग 40 लोगों की जान बचाई जा सकी थी।
रीवा पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के 100 से ज्यादा कांस्टेबल शामिल रहे
प्रेस नोट के अनुसार लोगों की जान बचाने वाले कुल 113 पुलिसकर्मियों में पांच अधिकारी, PTS रीवा के 100 से अधिक कांस्टेबल और छिंदवाड़ा जिला पुलिस के जवान शामिल हैं। इन सभी को 2,000 रुपए से 5,000 रुपए के बीच नकद इनाम दिया जाएगा।
मृतकों के परिजनों को सरकार से मिलेंगे 8-8 लाख रुपए
उधर हादसे के कुछ ही घंटे बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों के लिए 4-4 लाख रुपए और गंभीर रूप से घायल लोगों के लिए 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता राशि की घोषणा की थी। इसके बाद शुक्रवार को उन्होंने 'संबल' योजना के तहत मृतकों के परिवारों के लिए अतिरिक्त 4 लाख रुपए की घोषणा की, जिससे कुल मुआवजा राशि बढ़कर 8 लाख रुपए प्रति परिवार हो गई।
कांग्रेस ने की 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा
उधर इस बस हादसे में जान गंवाने वाले 10 लोगों के परिजनों के लिए शनिवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की। कांग्रेस ने इस दुर्घटना के लिए राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भोपाल में कहा कि हादसे का शिकार हुई बस मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में शामिल होने के लिए महिलाओं पर दबाव डाले जाने की शिकायतें मिली हैं और यह तक कहा गया कि अगर वे नहीं पहुंचीं तो 'लाड़ली बहना योजना' का लाभ बंद कर दिया जाएगा। सिंघार ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपए की सहायता देगा। राज्य विधानसभा की 230 सीट में कांग्रेस के 65 विधायक हैं।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


