
MP में दबंगों ने दलितों को माता के मंदिर में आने से रोका, गालीगलौज कर दी जान से मारने की धमकी
पीड़ितों ने अपने साथ हुए इस दुर्व्यवहार का वीडियो बना लिया और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सामान्य वर्ग के दबंगो ने दुर्गा पंडाल में पूजा करने ओर चंदा देने पर ना लेने सहित कई बातों पर आपत्ति जताई।
मध्य प्रदेश में दबंगों द्वारा दलितों को मंदिर में प्रवेश से रोकने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने के मामले सामने आते रहते हैं, और ऐसा ही एक मामला एकबार फिर सामने आया है। इस बार यह घटना सिवनी जिले के सादक गांव में स्थित दुर्गा पंडाल में हुई, जहां दबंगों ने कथित तौर पर दलितों को पूजा करने से रोका और गाली-गलौज करते हुए भगा दिया। मामले का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने इस मामले में दलित युवक की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

सिवनी जिले के छपरा थाना क्षेत्र के सादक गांव के दुर्गा पंडाल में जातिगत भेदभाव होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सामान्य वर्ग के लोगों पर दलित समाज के एक परिवार ने गंभीर आरोप लगाए और मामले की शिकायत पुलिस से की है। आरोप है कि दुर्गा पंडाल में मौजूद कुछ दबंगों ने डंडा लेकर वहां पूजा करने जा रहे दलित समाज के एक परिवार के कुछ सदस्यों को रोक दिया और उनके साथ गाली-गलौज की।
पीड़ितों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और फिर पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सामान्य वर्ग के दबंगो ने दुर्गा पंडाल में पूजा करने ओर चंदा देने पर ना लेने सहित कई बातों पर आपत्ति जताई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग डंडा लेकर खड़े हैं जिस पर कहा जा रहा है कि डंडा लेकर क्यों खड़े हो।
इस दौरान समाज के लोगों के द्वारा कुछ शब्द भी कहे जा रहे हैं जिससे आहत होकर दलित समाज के लोग छपारा थाना पहुंचे और पुलिस को वह वीडियो दिखाते हुए उनके पास शिकायत दर्ज करा दी। जिसके बाद पुलिस ने तीन लोगों के ऊपर एट्रोसिटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल बताया जा रहा है कि आरोपी फरार है जिसे जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा।
रास्ते मे रोका और दी धमकी
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता श्यामलाल निवासी ग्राम सादक जिला सिवनी ने आरोप लगाते हुए बताया कि वह चौधरी समाज का है और मजदूरी करता है। वह सुबह 9 बजे के करीब सार्वजनिक दुर्गा जी मंदिर पंडाल में पूजा करने गया था इसके बाद खेत से घर वापस आ रहा था, इस दौरान रास्ते मे गांव का मेहरवान सिंह ठाकुर मिला और बोला कि 'तेरी बहुत शिकायत मिल रही है, तू दुर्गा जी मंदिर पंडाल में अंदर जाकर पूजा कर रहा है, तेरे दादा पुरखे सब बाहर से पूजा किए हैं तेरी दुर्गा जी पंडाल के अंदर जाकर पूजा करने की हिम्मत कैसे हुई। इस दौरान उसने गाली गलौच करते हुए कहा कि साले धेड चमार बहुत बोलता है, साले तेरे हाथ पैर तोड देंगे, इसके बाद उसने कहा बल्लम निकालो, मारो साले को कहने लगा और साले को जान से खतम कर दो', इसके बाद मै डर के मारे अपनी पत्नी के साथ घर चला गया।
‘आरोपी बोले दलित से चंदा मत लो’
श्यामलाल ने आरोप लगाया है कि मंदिर में चंदा देने गया तो दबंग नरेश ठाकुर ने धक्का देकर मुझे मंच से नीचे उतार दिया, इसके बाद मेरी मां विस्सो बाई अहिरवार पूजा करने मंदिर गई तो नरेश ठाकुर ने गाली गलौच करते हुए डंडा लेकर मंच से नीचे उतार दिया और कहा कि चमारो से चंदा मत लो। तब पंडा बाबा धीरज पंचेश्वर ने बोला कि मैं हर साल चंदा का पैसा लेता हूं इस बार भी लूंगा और चंदा का पैसा रख लिया, तब मंच पर बैठा नारायण यादव भी मुझे एवं मेरी मां को जाति सूचक शब्द से अपमानित कर गाली गलौच कर मंदिर से चले जाने का बोला।
वायरल वीडियो में क्या?
वायरल वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि कुछ लोग मंदिर के बाहर खड़े हैं और कुछ लोग मंदिर के अंदर हैं जो हाथों में डंडा लिए हुए हैं और दोनों पक्षों की ओर से बातें की जा रही है, जहां एक पक्ष यह कहते नजर आ रहा है कि डंडा लेकर क्यों खड़े हो क्या डंडे से मारोगे, तो वहीं दूसरा पक्ष भी कुछ कह रहा है। इस दौरान एक महिला भी हाथ में पत्थर लेकर खड़ी दिखती है, और अन्य महिलाओ के बोलने की आवाज आती है।
छपरा पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने बताया कि गांव के श्यामलाल अहिरवार की शिकायत पर 3 लोगों के खिलाफ एट्रोसिटी एक्ट सहित अन्य भारतीय न्याय संहिता बी एन एस की 2023 की 296,351 (2) 3(5) सहित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम, 1989 (संशोधन 2015) 3 (1) (za)(C) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम, 1989 (संशोधन 2015) 3 (1) (द) अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (नृशंसता निवारण) अधिनियम, 1989 (संशोधन 2015) 3(1) (ध) नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम 1955 के तहत मामला दर्ज किया है,आरोपियो की तलाश की जा रही है।
रिपोर्ट- विजेन्द्र यादव





