भोपाल में एक आदमी ने महिला को 13 बार चाकू मारा, फिर ट्रेन के सामने कूद गया
45 वर्षीय दुर्गा बाई कुशवाहा की कथित तौर पर उसी व्यक्ति ने हत्या कर दी, जिसे वह अपना “गुरु भाई” मानती थीं। वारदात के कुछ घंटों बाद आरोपी प्रीतम कुशवाहा ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 45 वर्षीय दुर्गा बाई कुशवाहा की कथित तौर पर उसी व्यक्ति ने हत्या कर दी, जिसे वह अपना “गुरु भाई” मानती थीं। वारदात के कुछ घंटों बाद आरोपी प्रीतम कुशवाहा ने चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।
13 वार कर की गई हत्या
पुलिस के अनुसार, दुर्गा बाई पर सीने में नौ बार, पेट में तीन बार और गर्दन पर एक बार धारदार हथियार से वार किए गए। यह घटना सोमवार को उस समय हुई, जब उनके पति और बेटा घर पर मौजूद नहीं थे।
बताया जा रहा है कि प्रीतम कुशवाहा ने पास ही बन रहे एक निर्माणाधीन मकान की सफाई का बहाना बनाकर दुर्गा बाई को वहां बुलाया। घर के एक कमरे में ले जाकर उसने उन पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल दुर्गा बाई की मौके पर ही मौत हो गई।
घर खाली करने को लेकर चल रहा था विवाद
परिवार के सदस्यों के मुताबिक, प्रीतम पिछले करीब एक साल से दुर्गा बाई के घर में रह रहा था। वह 15 साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था। उसे अपने तीन बच्चों की हत्या के मामले में सजा हुई थी।
रिहाई के बाद दुर्गा बाई ने उसे सहारा दिया और घर में रहने की अनुमति दी। हालांकि, पिछले कुछ महीनों से परिवार उस पर घर खाली करने का दबाव बना रहा था। इसी बात को लेकर आए दिन झगड़े होते थे।
दुर्गा बाई की बहू ने पुलिस को बताया कि परिवार ने कई बार प्रीतम से घर छोड़ने को कहा था, लेकिन वह जाने को तैयार नहीं था। “जब भी विवाद होता, वह खाना छोड़ देता और आत्महत्या की धमकी देता था,” बहू ने पुलिस को दिए बयान में कहा।
सब्जी का ठेला लगाता था आरोपी
प्रीतम भोपाल में सब्जी का ठेला लगाता था और कभी-कभी किराए के रूप में कुछ रकम देता था। वह अक्सर परिवार के साथ ही खाना खाता था। लेकिन घर खाली करने की बात पर उसका रवैया आक्रामक हो जाता था।
ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
हत्या के बाद प्रीतम घटनास्थल से फरार हो गया। कुछ ही घंटों बाद उसने चलती ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार, फॉरेंसिक नमूने और परिजनों के बयान एकत्र कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में घर खाली करने के विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
लेखक के बारे में
Ratan Guptaरतन गुप्ता एक डिजिटल हिंदी जर्नलिस्ट/ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान की स्टेट न्यूज टीम के साथ काम कर रहे हैं। वह क्राइम, राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर न्यूज आर्टिकल और एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखते हैं।
रतन गुप्ता वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर स्टेट न्यूज टीम में काम करते हैं। इस टीम में हिंदी पट्टी के 8 राज्यों दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात से जुड़ी खबरों की कवरेज करते हैं। उनका लेखन खास तौर से क्राइम, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित रहता है।
लाइव हिंदुस्तान में बीते 2 साल से काम करते हुए रतन ने ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक घटनाक्रम और कानून-व्यवस्था से जुड़ी खबरों पर लगातार लेखन किया है। इसके साथ ही वह एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं, जहां जटिल मुद्दों को सरल और तथ्यपरक भाषा में पाठकों के सामने रखते हैं।
रतन गुप्ता ने बायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है, जिसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है। साइंस बैकग्राउंड होने के कारण उनकी न्यूज और एनालिसिस स्टोरी में साइंटिफिक टेंपरामेंट, लॉजिकल अप्रोच और फैक्ट-बेस्ड सोच साफ दिखाई देती है। वह किसी भी मुद्दे पर रिपोर्टिंग करते समय दोनों पक्षों की बात, मौजूद तथ्यों और आधिकारिक स्रोतों को प्राथमिकता देते हैं, ताकि यूजर तक संतुलित और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे।
इसके साथ ही आईआईएमसी की एकेडमिक पढ़ाई ने उन्हें रिपोर्टिंग, न्यूज प्रोडक्शन, मीडिया एथिक्स और पब्लिक अफेयर्स की गहरी समझ दी है। इसका सीधा असर उनके लेखन की विश्वसनीयता और संतुलन में दिखाई देता है।
और पढ़ें

