'लौटकर आऊंगा ये वादा है', दतिया में उपचुनाव के ऐलान के बाद वायरल हो रहा नरोत्तम मिश्रा का ये VIDEO; देखें
दतिया विधानसभा सीट पर उचपुनाव का ऐलान हो गया है। तारीखों के ऐलान के बाद पूर्व विधायक और मंत्री नरोत्तम मिश्रा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में नरोत्तम मिश्रा कह रहे हैं कि मैं लौटकर आऊंगा।

मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान हो गया है। कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद उपचुनाव होने जा रहा है। उपचुनाव ऐलान के साथ ही इस सीट से पूर्व विधायक नरोत्तम मिश्रा का पुराना वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद ये चर्चा शुरू हो गई है कि क्या नरोत्तम मिश्रा उपचुनाव में दो-दो हाथ करेंगे। आइए जानते हैं वायरल वीडियो में नरोत्तम मिश्रा ने क्या कहा है।
दरअसल वीडियो साल 2023 में मिली चुनावी हार के बाद का है। चुनाव में मिली करारी हार के बाद नरोत्तम मिश्रा ने एक प्रोग्राम में कुछ लाइन पढ़ते हुए कहा था कि 'मेरा पानी उतरता देख, मेरे किनारे पर घर मत बना लेना, मैं समुंदर हूं, लौटकर जरूर आऊंगा'। इन लाइन्स के माध्यम से नरोत्तम मिश्रा ने संदेश दिया था कि भले ही चुनाव हार गए हैं, लेकिन वो आने वाले दिनों में वापसी जरूर करेंगे। अब वो सच होता दिख रहा है। हालांकि, ये देखने वाली बात होगी कि भारतीय जनता पार्टी दतिया विधानसभा सीट से नरोत्तम मिश्रा को मैदान में उतारेगी या नहीं।
साल 2023 में हुए चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र भारती ने इस सीट पर नरोत्तम मिश्रा को मात दी थी। मध्य प्रदेश की सबसे चर्चित सीटों में से एक दतिया में बीजेपी की हार एक बड़ी खबर बनी थी। अब कोऑपरेटिव घोटाले में 3 साल की सजा के बाद राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता रद्द कर दी गई है। अब यह सीट खाली घोषित कर दी गई है।
कब है चुनाव
सोमवार को दतिया विधानसभा सीट के लिए गजट नोटिफिकेशन जारी कर दिया जाएगा। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा और 3 अगस्त को वोटों की गिनती भी शुरू कर दी जाएगी। इसी दिन दतिया विधानसभा चुनावों का रिजल्ट आने की संभावना भी है।
साल 2023 में मध्य प्रदेश की 230 सीटों पर चुनाव हुए थे। इन चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचंड जीत दर्ज की थी। भाजपा ने कांग्रेस को बुरी तरह मात देते हुए 230 में से 163 सीटों पर जीत दर्ज कर रिकॉर्ड बनाया था। इन चुनावों में कांग्रेस को कुल 66 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि भारत आदिवासी पार्टी को भी एक सीट पर जीत मिली थी। अब कांग्रेस की उन 66 सीटों में से एक और सीट कम हो गई है। राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द हो गई है। यहां उपचुनाव होगा और नया विधायक चुना जाएगा। इसका फैसला 3 अगस्त को आने वाले चुनावी परिणाम से होगा।


