महीनेभर बाद भी मासूम लापता, लगी 'मजिस्ट्रेट महादेव' की अदालत; अब नुकसान से होगा दोषी पक्ष का फैसला
मामले में बच्चे के माता-पिता और उनके रिश्तेदारों ने कसम उठाते हुए कहा कि मासूम रितेश पाल के अपहरण या कोई भी घटना कारित करने या उसमे मदद करने में उनका कोई हाथ नहीं है। लगभग 3 घंटे तक चली मजिस्ट्रेट महादेव की अदालत में छोटी-मोटी नोकझोंक के बाद दोनों पक्षों की दलीलों को सुना गया।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक बेहद खास मामला सामने आया है, जहां एक महीने से लापता मासूम की अपहरण मिस्ट्री को सुलझाने की जिम्मेदारी अब मजिस्ट्रेट महादेव को सौपी गई है। मोहनपुर गांव का रहने वाला तीन वर्षीय रितेश पाल बीते एक महीने से गायब है और पुलिस अबतक उसका पता नहीं लगा सकी है। जिसके बाद पुलिस से उम्मीद टूटने के बाद उसके परिजनों ने इलाके के प्रसिद्ध मंदिर 'मजिस्ट्रेट महादेव' की शरण ली।
मामले में सुनवाई के बाद मजिस्ट्रेट महादेव की अदालत के पंचों ने 50 हजार का धरम तय किया। जिसके तहत कसम उठाने वालों के साथ यदि आने वाले 5 दिनों के अंदर 50 हजार कीमत से ज्यादा का कोई भी नुकसान या जनहानि होती है तो उस कसम उठाने वाले और उसके पक्ष को दोषी माना जाएगा।
यह मंदिर महाराजपुरा के गिरगांव में स्थित है और ग्वालियर चंबल अंचल में इन्हें मजिस्ट्रेट महादेव कहा जाता है। मजिस्ट्रेट महादेव के परिसर में बकायदा उनकी अदालत भी लगती है, जहां पर सुनवाई के बाद पंच यह तय करते हैं कि कौन दोषी होगा और किसे न्याय मिलेगा? मजिस्ट्रेट महादेव की अदालत में इस बार 3 साल के मासूम रितेश पाल के अपहरण की अनसुलझी गुत्थी का मामला पहुंचा। इस दौरान सुनवाई के लिए रितेश के पिता पक्ष और माँ पक्ष के लोग भी पहुंचे। जिसके बाद यहां की परंपरा के अनुसार मंदिर के मौजूदा पंचों ने दोनों पक्षो को सुना। इस दौरान लापता बच्चे की मां सपना ने आरोप लगाया कि रितेश के पिता जसवंत पाल ने ही उसका अपहरण या कोई अनहोनी घटना की है, जबकि उसके पिता जसवंत ने मां सपना और उसके भाई सहित अन्य परिवारजनों पर वारदात करने का आरोप लगाया।

दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने उठाई महादेव की धरम
लगभग 3 घंटे तक चली मजिस्ट्रेट महादेव की अदालत में छोटी-मोटी नोकझोंक के बाद दोनों पक्षों की दलीलों को सुना गया। इसके बाद मन्दिर की मान्यताओं के अनुसार मजिस्ट्रेट महादेव के दरबार यानी गर्भगृह में पंचों की मौजूदगी में दोनों पक्षों की पेशी हुई। इस दौरान मासूम रितेश पाल की मां सपना, मामा-मामी के अलावा पिता जसवंत, दादा सहित संदेही रिश्तेदारों ने 'महादेव की धरम' यानी कसम उठाई। दोनों ने कसम उठाते हुए कहा कि मासूम रितेश पाल के अपहरण या कोई भी घटना कारित करने या उसमे मदद करने में उनका कोई हाथ नहीं है। हालांकि दोनों पक्षों के द्वारा कसम लेने से फिलहाल अभी यह साफ नहीं हो सका है कि आखिर रितेश कहां है।
पुलिस नहीं खोज पाई तो पहुंचे मंदिर की शरण
रितेश की मां सपना पाल का कहना है कि महीना भर बीतने के बाद भी पुलिस उनके बच्चे को खोज नही पाई है, ऐसे में पुलिस से उम्मीद खत्म होने के बाद वे मजिस्ट्रेट महादेव की शरण में आए हैं। महादेव के दरबार मे उठाई गई कसम तय करेगी कि कौन लोग रितेश के अपहरण में दोषी या सहयोगी हैं। वहीं रितेश के पिता जसवंत पाल का कहना है की मजिस्ट्रेट महादेव ही अब न्याय करेंगे। दोनों पक्षों ने जो आरोप एक-दूसरे पर लगाया, उसके बाद सभी ने पंचों की मौजूदगी कसम उठाई। यदि किसी ने भी झूठी कसम उठाई तो सजा का फैसला मजिस्ट्रेट महादेव करेंगे।

जिसे 50 हजार का नुकसान होगा वह दोषी
मजिस्ट्रेट महादेव की अदालत में मुख्य पंच अमर सिंह ने कसम उठाने से पहले पंचनामा बनाया, जिस पर दोनों पक्षों के दस्तखत हुए। फिर कसम उठाई गई। अमर सिंह का कहना है कि मजिस्ट्रेट महादेव की अदालत ने 50 हजार का धरम तय किया है। जिसके तहत कसम उठाने वालों के साथ यदि आने वाले 5 दिनों के अंदर 50 हजार कीमत से ज्यादा का कोई भी नुकसान या जनहानि होती है तो उस कसम उठाने वाले और उसके पक्ष को दोषी माना जाएगा।
इस अनसुलझी अपहरण मिस्ट्री के मामले में जांच कर रही IPS अफसर ASP अनु बेनिवाल का कहना है कि रितेश को लेकर विशेष टीम जांच कर रही है और शहर से लेकर जंगल तक में खोजबीन जारी है। सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए हैं, संदेहियों से सख्ती से पूछताछ भी की गई है। वर्तमान में अभी जांच जारी है, ऐसे में जो भी अपडेट होगा वह जल्द सबके सामने आएगा।
आपको बता दें कि 3 साल का रितेश पाल 1 नवंबर को मोहनपुर गांव में अपने नाना के घर से अचानक लापता हो गया था। इसके बाद लगभग 500 से ज्यादा जवान और अधिकारियों की टीम ने जंगल की खाक छानी, ड्रोन से भी सर्चिंग की गई और हर एंगल से बच्चे को खोजने का प्रयास हुआ, लेकिन एक महीना बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं, वहीं दूसरी ओर अब गिरगांव स्थित मजिस्ट्रेट महादेव की अदालत और उसके फैसले पर रितेश से जुड़े परिजनों रिश्तेदारों ने भरोसा जताया है। ऐसे में देखना होगा कि रितेश की अपहरण मिस्ट्री में कौनसा नया मोड़ देखने मिलता है।

लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।




