50 दिन बाद ही ट्रांसफर, साल में चौथी बार; IAS नेहा मारव्या ने लिखा अपना दर्द

लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल
Follow us on Google News
share

एक साल में 4 बार ट्रांसफर झेलने वाली मध्य प्रदेश एक महिला IAS अफसर नेहा मारव्या सिंह ने एमपी आईएएस एसोसिएशन से इसकी शिकायत कर नाराजगी जताई है। नेहा 2011 बैच की सीनियर आईएएस अफसर हैं।

IAS officer Neha Marvya Singh
IAS नेहा मारव्या सिंह

मध्य प्रदेश में 2011 बैच की सीनियर IAS अफसर नेहा मारव्या सिंह ने एक साल में अपने 4 बार ट्रांसफर होने से काफी आहत हैं। नेहा सिंह ने MP IAS ऑफिसर्स एसोसिएशन को भेजे एक मैसेज में अपनी नाराजगी जाहिर की। 40 वर्षीय सिंह नेहा ने बताया कि यह हालिया ट्रांसफर उनकी पोस्टिंग के महज 50 दिन बाद ही हुआ है। उन्होंने कहा कि 5 सितंबर की ट्रांसफर लिस्ट में अपना नाम दोबारा देखकर वह बहुत परेशान और निराश महसूस कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मातहत कर्मचारियों द्वारा उनके खिलाफ ‘बगावत’ किए जाने से वह अपमानित महसूस कर रही हैं।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, नेहा ने अपने ट्रांसफर के हालात पर प्रश्न उठाते हुए पूछा, “क्या एक IAS अफसर इतना कमजोर होता है कि उसके मातहत कर्मचारी भी बगावत करके उसका ट्रांसफर करवा सकते हैं?”

उन्होंने लिखा, "मेरा ट्रांसफर इसलिए किया गया है क्योंकि जिन कर्मचारियों का कामकाज सीधे मेरे अधीन नहीं, बल्कि विभाग के अधीन है, उन्होंने मेरे खिलाफ बगावत कर दी है। वो मेरी मेज पर हाथ पटककर मेरा ट्रांसफर करवाने की धमकी दे रहे हैं।"

'अनशासनहीन कर्मचारियों के बजाय मेरा ही ट्रांसफर'

आईएएस नेहा ने कहा उन्होंने अपने मातहत कर्मचारियों की अनुशासनहीनता, बदतमीजी और फाइलें दबाकर रखने की शिकायत सही चैनल के जरिए की थी। उन्हें उम्मीद थी कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जरूरी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा, "इसके बजाय, मेरा ही ट्रांसफर किया जा रहा है?"

उन्होंने लिखा, “मुझे यह बात अच्छी तरह से पता है कि एक IAS अफसर होने के चलते राज्य सरकार जहां चाहे वहां मेरी ड्यूटी लगा सकती है और मैंने हमेशा सम्मानपूर्वक आदेशों को माना है, लेकिन इस बार मैं बहुत निराश महसूस कर रही हूं।”

IAS एसोसिएशन से लगाई मदद की गुहार

उन्होंने लिखा कि एक साल में यह चौथी बार है जब मेरा नाम ट्रांसफर लिस्ट में आया है। मैं समझती हूं कि MP IAS ऑफिसर्स एसोसिएशन का काम सिर्फ जन्मदिन की बधाई देने या मुबारकबाद देने से कहीं ज्यादा है। उन्होंने एसोसिएशन से अपनी चिंताओं पर ध्यान देने का आग्रह किया। नेहा ने कहा कि किसी अफसर को एक महीने के अंदर विभाग को समझने के लिए शायद ही काफी समय मिल पाता है। उन्होंने सवाल उठाया कि उनके पद संभालने के इतने कम समय बाद ही उनके मातहतों ने ‘बगावत’ क्यों कर दी।

उन्होंने लिखा, "मेरी बात तो छोड़िए, मुझे नहीं लगता कि कोई IAS अफसर ऐसा कुछ कर सकता है कि उसके साथ काम करने वाले लोग उसके जॉइन करने के एक महीने के अंदर ही बगावत कर दें। एक महीने में तो अधिकारी मुश्किल से काम को समझ पाता है।"

उन्होंने ने कहा, "लेकिन अपने ही मातहतों की बगावत के कारण हुए इस ट्रांसफर से मुझे अपमानित होना पड़ा है।"

सिंह ने अपने छोटे कार्यकाल को लेकर भी चिंता जताई और कहा कि बार-बार होने वाले ट्रांसफर्स की वजह से उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को समझने और उन्हें ठीक से निभाने में मुश्किल होती है। उन्होंने कहा, "मैं कैसे काम करूं? मेरा कार्यकाल कुछ ही महीनों का होता है। जब तक मैं अपनी जिम्मेदारी को समझ पाती हूं, तब तक मेरा ट्रांसफर हो जाता है।"

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि बार-बार होते ट्रांसफर से उनके मातहत कर्मचारियों की नजर में वह एक ‘आसान शिकार’ बन गई थीं। उन्होंने कहा, "मेरे मातहत कर्मचारियों को भी लगता है कि मैं एक आसान शिकार हूं। अगर मैं उनकी मर्जी के मुताबिक काम नहीं करती, तो वे मेरा ट्रांसफर करवा सकते हैं।"

नेहा ने कहा कि वह सालों तक चुप रहीं और सब्र से काम लेती रहीं, जबकि उन्हें ‘किनारे कर दिया गया था और कोई काम नहीं दिया जा रहा था’, लेकिन उन्हें उम्मीद थी कि हालात सुधरेंगे। इसके बजाय अब तो उनके नीचे काम करने वाले लोग ही उन्हें ट्रांसफर की धमकी देने लगे हैं।

IAS अफसर ने आगे कहा, "साजिश रचने वाले हमेशा जीत जाते हैं और मैं हार जाती हूं। सिस्टम ने मुझे निराश किया है। आज मैं हूं, कल कोई और IAS अफसर निशाना बनेगा।"

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़50 दिन बाद ही ट्रांसफर, साल में चौथी बार; IAS नेहा मारव्या ने लिखा अपना दर्द