मंदिर में गेहूं दान नहीं करने पर दलित परिवार को पीटा, पीड़ित बोले- बच्चों को क्या खिलाएंगे? VIDEO

May 05, 2026 08:29 pm ISTRatan Gupta लाइव हिन्दुस्तान, छतरपुर
share

घटना महाराजगंज गांव की बताई जा रही है, जहां दबंगों ने परिवार से मंदिर के नाम पर तय मात्रा में गेहूं देने की मांग की थी। परिवार ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए कहा कि हम दान देने की हालत में नहीं हैं, जिसके पीड़ितों पर लाठी-डंडे बरसाए गए।

मंदिर में गेहूं दान नहीं करने पर दलित परिवार को पीटा, पीड़ित बोले- बच्चों को क्या खिलाएंगे? VIDEO

मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है। यहां कथित तौर पर मंदिर के लिए गेहूं दान न दे पाने पर एक दलित परिवार के साथ बुरी तरह से मारपीट की गई। घटना महाराजगंज गांव की बताई जा रही है, जहां दबंगों ने परिवार से मंदिर के नाम पर तय मात्रा में गेहूं देने की मांग की थी। परिवार ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए कहा कि हम दान देने की हालत में नहीं हैं, जिसके पीड़ितों पर लाठी-डंडे बरसाए गए।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी उनके घर पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। धीरे-धीरे उन लोगों ने हमला करना शुरू कर दिया। घर के सदस्यों को बाहर घसीटकर लाए और लाठी-डंडों, सरियों, ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। महिलाएं और बच्चे भी हिंसा की चपेट में आए। हमले में परिवार के पांच सदस्य घायल हुए हैं, जिन्हें बाद में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार पहले ही गेहूं दे दिया था और अधिक देने की स्थिति में नहीं थे। परिवार के एक सदस्य ने कहा, “अगर हम अपना सारा गेहूं दान कर देंगे, तो सालभर बच्चों को क्या खिलाएंगे?” घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर आरोपियों को परिवार पर हमला करते हुए देखा जा सकता है। इस वीडियो के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश है और एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में जातीय दबाव और सामाजिक असमानता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

पीड़ितों ने श्याम पटेल, हरदयाल पटेल, कृपाल पटेल, राजा भैया पटेल, रामस्वरूप पटेल और भगवतदयाल पटेल सहित अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। उनका यह भी कहना है कि आरोपियों ने घर में रखा बचा हुआ गेहूं भी जबरन उठा लिया, लेकिन उसे ले जाने वाले वाहन को अब तक जब्त नहीं किया गया है।

मामले में पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है। मध्य प्रदेश पुलिस के सिविल लाइंस थाना प्रभारी आशुतोष श्रोती के मुताबिक, मंदिर के लिए गेहूं दान को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में हिंसा में बदल गया। पुलिस ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से चार को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक आरोपी फरार है।

हालांकि, पीड़ित परिवार पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है। उनका कहना है कि यह अचानक हुआ झगड़ा नहीं, बल्कि योजना बनाकर किया गया हमला था। परिवार ने यह भी सवाल उठाया है कि मंदिर समिति के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई, जिस पर जबरन दान वसूली का आरोप है। यह घटना एक बार फिर समाज में मौजूद जातीय असमानता और दबंगई की गंभीर तस्वीर सामने लाती है।

Ratan Gupta

लेखक के बारे में

Ratan Gupta

रतन गुप्ता एक डिजिटल हिंदी जर्नलिस्ट/ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर हैं। वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान की स्टेट न्यूज टीम के साथ काम कर रहे हैं। वह क्राइम, राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर न्यूज आर्टिकल और एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखते हैं।


रतन गुप्ता वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर के तौर पर स्टेट न्यूज टीम में काम करते हैं। इस टीम में हिंदी पट्टी के 8 राज्यों दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, गुजरात से जुड़ी खबरों की कवरेज करते हैं। उनका लेखन खास तौर से क्राइम, राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर केंद्रित रहता है।


लाइव हिंदुस्तान में बीते 2 साल से काम करते हुए रतन ने ब्रेकिंग न्यूज, राजनीतिक घटनाक्रम और कानून-व्यवस्था से जुड़ी खबरों पर लगातार लेखन किया है। इसके साथ ही वह एक्सप्लेनर स्टोरीज लिखने में भी विशेष रुचि रखते हैं, जहां जटिल मुद्दों को सरल और तथ्यपरक भाषा में पाठकों के सामने रखते हैं।


रतन गुप्ता ने बायोलॉजी में ग्रेजुएशन किया है, जिसके बाद उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान, नई दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता की पढ़ाई की है। साइंस बैकग्राउंड होने के कारण उनकी न्यूज और एनालिसिस स्टोरी में साइंटिफिक टेंपरामेंट, लॉजिकल अप्रोच और फैक्ट-बेस्ड सोच साफ दिखाई देती है। वह किसी भी मुद्दे पर रिपोर्टिंग करते समय दोनों पक्षों की बात, मौजूद तथ्यों और आधिकारिक स्रोतों को प्राथमिकता देते हैं, ताकि यूजर तक संतुलित और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे।


इसके साथ ही आईआईएमसी की एकेडमिक पढ़ाई ने उन्हें रिपोर्टिंग, न्यूज प्रोडक्शन, मीडिया एथिक्स और पब्लिक अफेयर्स की गहरी समझ दी है। इसका सीधा असर उनके लेखन की विश्वसनीयता और संतुलन में दिखाई देता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।