LPG की कमी पर पार्टी लाइन से हटकर बोले कमलनाथ; कहा- ऐसा कुछ नहीं, बस माहौल बनाया जा रहा
कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने देश में LPG की कमी को लेकर पार्टी लाइन से हटकर बयान दिया है। उनका कहना है कि देश में वास्तव में ऐसी कोई कमी नहीं है और इस बारे में सिर्फ एक माहौल बनाया जा रहा है।

कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने देश में LPG की कमी को लेकर पार्टी लाइन से हटकर बयान दिया है। उनका कहना है कि देश में वास्तव में ऐसी कोई कमी नहीं है और इस बारे में सिर्फ एक माहौल बनाया जा रहा है। जिससे कमी का भ्रम पैदा हो रहा है। उन्होंने इसे कमी मानने की बजाय अव्यवस्था बताया। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने यह बात छिंदवाड़ा में संवाददाताओं से बात करते हुए कही। उनका बयान एक ऐसे समय में आया है, जब कांग्रेस पार्टी लगातार देश में LPG की किल्लत होने और लोगों के लाइन में लगे होने के आरोप लगाती आ रही है।
गुरुवार को भी भाजपा और कांग्रेस के बीच एलपीजी और ईंधन की उपलब्धता को लेकर तीखी बहस हुई। ईंधन की आपूर्ति और कीमतों को लेकर चिंताओं के बीच, भाजपा ने दावा किया कि सरकार स्थिति को सक्रिय रूप से प्रबंधित कर रही है, जबकि कांग्रेस ने एलपीजी और पेट्रोलियम उत्पादों की जमीनी स्तर पर उपलब्धता को लेकर सवाल उठाया।
'अगर संकट नहीं है तो जमीन पर दिखना चाहिए'
कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा, 'अगर संकट नहीं है, तो इसका असर जमीनी स्तर पर दिखना चाहिए। उपभोक्ता को भरोसा होना चाहिए। उन्हें मांग पर एलपीजी, पेट्रोल और डीजल मिलना चाहिए और अगर ऐसा है, अगर कोई दबाव नहीं है, तो प्रधानमंत्री जो कुछ कह रहे हैं वह सच है।' आगे उन्होंने कहा, 'लेकिन अगर उपभोक्ता दबाव में है और परेशान महसूस कर रहा है, तो प्रधानमंत्री सच नहीं बोल रहे हैं।'
तिवारी ने पूछा- कब तक जारी रहेंगे अस्थायी समाधान
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने राजनयिक प्रयासों पर सवाल उठाते हुए पूछा कि सरकार कब तक इस 'अस्थायी समाधान' वाले रवैये को जारी रखेगी। उन्होंने सवाल किया, 'होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने के लिए क्या राजनयिक प्रयास किए जा रहे हैं? उत्पाद शुल्क कम करके और सीमा शुल्क हटाकर आप आपात स्थिति से निपट सकते हैं। सरकार कब तक इस अस्थायी समाधान को जारी रखेगी?'
'युद्ध रोकने कूटनीतिक रूप से क्या कर रही सरकार'
तिवारी ने कहा, 'सरकार को यह जवाब देना चाहिए कि होर्मुज जलडमरूमध्य के बंद होने तक पर्याप्त मात्रा में कच्चा तेल और गैस कब तक उपलब्ध होगा।' उन्होंने कहा कि चीन, तुर्किये और यहां तक कि पाकिस्तान सहित कई देश मध्यस्थता कर रहे हैं और उन्होंने सवाल किया कि खाड़ी युद्ध को रोकने के लिए भारत सरकार कूटनीतिक रूप से क्या कर रही है।
उधर कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने आरोप लगाया कि अप्रैल के बाद से हर चीज की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने दावा किया, '(चार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में) चुनाव संपन्न होने के बाद आने वाले दिनों में उर्वरक, पेट्रोल और डीजल की कीमतें भी बढ़ेंगी।'
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


