
MP : शादी को नहीं मानी विधवा बहू तो हैवान बना जेठ, बच्चों के सामने मां पर फेंका तेजाब
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मायके में रह रही एक विधवा बहू जब जेठ से शादी के लिए राजी नहीं हुई तो जेठ हैवान बन गया। उसने बहू के मायके में घुसकर मासूम बच्चों के सामने उस पर तेजाब फेंक दिया।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के कंपू में शुक्रवार रात एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां मायके में रह रही एक विधवा बहू जब जेठ से शादी के लिए राजी नहीं हुई तो जेठ हैवान बन गया। उसने बहू के मायके में घुसकर मासूम बच्चों के सामने उस पर तेजाब फेंक दिया।

तेजाब के हमले से पीड़ित महिला बुरी तरह झुलस गई। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसे दिखाई देना बंद हो गया है। उधर, बहू पर तेज फेंकने के बाद आरोपी जेठ अवार्डपुरा के पार्क में छुप गया था, पुलिस ने वहां से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, अवार्डपुरा बस्ती स्थित अपने मायके में रहने वाली एक विधवा महिला पर उसके जेठ ने शुक्रवार की रात घर में घुसकर तेजाब फेंक दिया। महिला के पिता ने बताया कि उसके पति का करीब 10 महीने पहले निधन हो चुका है, जिसके बाद से वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ मायके में ही रहती है।
पीड़िता के पिता का आरोप है जेठ उनकी बेटी पर शादी करने के लिए दबाव बन रहा था। वह उसे किसी और से शादी नहीं करने की धमकी देता था, इसलिए मायके में रह रही थी। जेठ यहां भी तीन बार उसके कमरे में घुसकर जबर्दस्ती की कोशिश कर चुका है।
शुक्रवार की रात वह घर में थी और दूसरे कमरे में मां और भाई भी थे। दोनों बच्चे आंगन में खेल रहे थे, तब जेठ तेजाब की बोतल लेकर घर में आया। उससे शादी की जिद की..फिर तेजाब से भरी बोतल उसकी ऊपर उड़ेलकर मौके से फरार हो गया।
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि आरोपी कंपू पर खिचड़ी का ठेला लगाता है। बंगाल की रहने युवती से उसकी शादी हुई थी, लेकिन नशा और घर में कलह से तंग आकर 6 महीने पहले पत्नी उसे छोड़कर जा चुकी है। आरोपी पर इससे पहले मोहल्ले में भी महिलाओं के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगते रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि बहू पर हमला करने के बाद आरोपी भागकर बस्ती के पार्क में घुस गया था। यहां से उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी बताया है कि बहू ने उससे शादी की हामी भरी थी। अब उसे पता चला था कि वह उसे धोखा दे रही है और चुपचाप शहर के बाहर जाने की फिराक में है। इससे वह बौखला गया।
कंपू थाना प्रभारी अमर सिंह सिकरवार का कहना है कि बहू पर एसिड अटैक करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वह जुर्म कबूल कर रहा है। उसने जिस दुकान से तेजाब खरीदा था उसके मालिक को भी तलाश किया जा रहा है।
रिपोर्ट : अमित कुमार





