जीतू पटवारी के भाई से 5 घंटे तक पूछताछ, ड्रग्स पैडलर्स से भी कराया सामना; फोन की सर्च हिस्ट्री में क्या-क्या मिला?
इंदौर ड्रग्स केस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस ने शनिवार को फिर नाना पटवारी से लंबी पूछताछ की और उनका दो ड्रग्स पैडलर्स से आमना-सामना कराया। पुलिस को नाना के फोन की सर्च हिस्ट्री में सट्टे और पोर्न वेबसाइटों से जुड़े लिंक मिलने की बात कही जा रही है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के छोटे भाई कुलभूषण उर्फ नाना पटवारी से राजेंद्र नगर पुलिस ने शनिवार को दूसरी बार करीब 5 घंटे तक पूछताछ की। इस दौरान पुलिस ने उनका ड्रग्स पैडलर संजय कौशल उर्फ रौनी भाई और इरफान उर्फ गोलू से आमना-सामना कराया। नाना ने दोनों को पहचानने की बात स्वीकार की, लेकिन ड्रग्स खरीदने या सेवन से जुड़े आरोपों से साफ इनकार कर दिया। पूछताछ के बाद नाना पटवारी को वकील जय हार्डिया की मौजूदगी में जाने दिया गया।
डीसीपी जोन-1 नरेंद्र सिंह रावत के अनुसार, नोटिस जारी कर नाना पटवारी को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। सबसे पहले पुलिस ने ड्रग्स पैडलर संजय कौशल और इरफान से पूछताछ की। दोनों ने कथित तौर पर ड्रग्स सप्लाई करने की बात स्वीकार की। इसके बाद दोनों का नाना पटवारी से आमना-सामना कराया गया, लेकिन नाना अपने बयान पर कायम रहे और ड्रग्स खरीदने से इनकार करते रहे।
मोबाइल से चैट डिलीट मिलने का दावा
पुलिस का दावा है कि पूछताछ से पहले नाना पटवारी ने अपने मोबाइल से सभी चैट डिलीट कर दी थीं। हालांकि मोबाइल की सर्च हिस्ट्री में सट्टे और पोर्न वेबसाइटों से जुड़ी सामग्री मिलने की बात सामने आई है। पुलिस अब मोबाइल के डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच कराने की तैयारी कर रही है।
युवती के बयान पर भी किए सवाल
पूछताछ के दौरान पुलिस ने पलसीकर कॉलोनी निवासी एक युवती के वीडियो बयान का हवाला देते हुए नाना से सवाल किए। युवती ने अपने बयान में ड्रग्स सेवन से जुड़े आरोप लगाए थे। पुलिस के अनुसार, इन सवालों पर भी नाना ने सभी आरोपों से इनकार किया।
भूरु ने बताए नए नाम
इधर आजाद नगर से गिरफ्तार भूरु उर्फ आरिफ ने पूछताछ में एमडी और ब्राउन शुगर बेचने वाले कथित पैडलरों रेहान, वसीम और मुसा के नाम बताए हैं। पुलिस के मुताबिक भूरु ने यह भी दावा किया कि वह पहले नाना की गाड़ी चला चुका है और उसके कहने पर पैडलरों से ड्रग्स लाकर देता था। पुलिस अब इन तीनों आरोपियों की तलाश में जुटी है।
बैंक खातों में लेन-देन की जांच
जांच के दौरान पुलिस ने नाना पटवारी के तीन बैंक खातों का विवरण खंगाला। अधिकारियों के अनुसार, खातों में भूरु और एक युवती के साथ लेन-देन के रिकॉर्ड मिले हैं। पूछताछ में नाना ने बताया कि युवती से उनका संपर्क शुभम वैली कॉलोनी में एक प्लॉट के सौदे के कारण था और पैसों का लेन-देन उसी संबंध में हुआ था। हालांकि पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजेक्शन का मिलान कर रही है।
पुराने ड्रग्स केस में भी सामने आया नाम
पुलिस ने विजय नगर थाना के अपराध क्रमांक 1008/2020 की केस डायरी भी खंगाली है। इस मामले में आरोपी सोहन उर्फ जोजो ने वर्ष 2020 में दिए बयान में दावा किया था कि नाना पटवारी के कहने पर अदनान से एमडी ड्रग्स लेकर रीजनल पार्क और भोपाल रोड स्थित एक वाटर पार्क में डिलीवरी की गई थी। बयान में सुनील और राहुल के नाम भी शामिल थे। हालांकि पुलिस का कहना है कि यह पुराना मामला है और उसमें न्यायालय में चालान पहले ही पेश किया जा चुका है।
पूछताछ तक सीमित कार्रवाई पर उठे सवाल
ड्रग्स विरोधी अभियान के बीच पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। कॉल डिटेल, बैंक ट्रांजेक्शन और आरोपियों के बयानों में नाम आने के बावजूद नाना पटवारी के खिलाफ फिलहाल केवल पूछताछ की कार्रवाई की गई है। डीसीपी नरेंद्र सिंह रावत का कहना है कि पुलिस सभी साक्ष्यों और कड़ियों को जोड़ रही है। पर्याप्त प्रमाण मिलने पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट -हेमंत


