MP में बनेगा जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, विकास को मिलेगी नई रफ्तार; निवेश से रोजगार तक क्या फायदे

भोपाल, भाषा
Follow us on Google News
share

मध्य प्रदेश के विकास को नई रफ्तार देने के लिए में जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने खुद इसका ऐलान किया है। इससे लाखों करोड़ का निवेश आने के साथ ही लाखों लोगों के रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।

Industrial Corridor - AI Generated Representative image
इंडस्ट्रियल कॉरिडोर - AI द्वारा निर्मित सांकेतिक तस्वीर

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने महाकौशल क्षेत्र के विकास के लिए जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की घोषणा की है। उन्होंने गुरुवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। उन्होंने कहा कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के क्रियान्वयन के लिए उद्योग विभाग के माध्यम से पूर्णतः सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी गठित की गई है और राज्य सरकार ने इसके लिए 100 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस कंपनी की संचालन परिषद के अध्यक्ष होंगे, ताकि विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर परियोजना से जुड़े निर्णय तेजी से लिए जा सकें। उन्होंने कहा कि जबलपुर और नरसिंहपुर से लेकर रायसेन तक के क्षेत्र में पर्यटन, खनन, कृषि और भारी उद्योगों के विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। यहां सड़क, बिजली, पानी और हवाई संपर्क जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

2028 तक 3 लाख लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद

मोहन यादव ने कहा कि यह परियोजना केवल सड़क निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे क्षेत्र के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास की व्यापक योजना है। इसके पहले चरण में 3,000 से 10,000 एकड़ भूमि विकसित करने की योजना है। उन्होंने कहा कि मार्च, 2028 तक इस कॉरिडोर में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश आने का अनुमान है। इससे करीब एक लाख लोगों को प्रत्यक्ष और दो लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है।

राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में होगा संतुलित विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले तीन साल में 3 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश और छह लाख से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महाकौशल, मालवा और मध्य भारत सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में संतुलित विकास, निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए प्रयास कर रही है।

पर्यटन-इंजीनियरिंग लॉजिस्टिक में व्यापक संभावनाएं

सीएम ने कहा कि पर्यटन, इंजीनियरिंग और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में नई परियोजनाएं शुरू हुई हैं। जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में लॉजिस्टिक की व्यापक संभावनाएं हैं, जबकि नरसिंहपुर और रायसेन में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों तथा गोदामों के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भोपाल सूचना प्रौद्योगिकी और तकनीकी गतिविधियों के केंद्र के रूप में उभर रहा है। राज्य में निवेश आकर्षित करने के लिए भोपाल में वैश्विक निवेशक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसके अलावा, भोपाल में वार्षिक पर्यटन सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल में आयोजित पर्यटन सम्मेलन में इस क्षेत्र के 120 से अधिक उद्योगपतियों ने करीब 375 करोड़ रुपये के निवेश की इच्छा जताई।

उन्होंने कहा कि देवास, सीहोर, उज्जैन और इंदौर को महानगर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। सरकार का लक्ष्य इंदौर और भोपाल के बाद जबलपुर को भी महानगर के रूप में विकसित करना है। शिक्षा के बुनियादी ढांचे के संबंध में यादव ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों की स्थापना के अलावा सरकारी स्कूलों, छात्रावासों, पुस्तकालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के विकास के लिए करीब 3,000 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इसमें विधायकों, सांसदों और अन्य स्रोतों से मिलने वाली राशि भी शामिल होगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026 Live और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़MP में बनेगा जबलपुर-भोपाल-इंदौर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, निवेश से रोजगार तक क्या लाभ