इंदौर में नया फ्लैट बुक करते ही मौत के मुंह में गई IT इंजीनियर, पति ने 2 दिन बच्चों से छिपाई सच्चाई
मध्य प्रदेश के इंदौर लसूड़िया सागर समृद्धि अपार्टमेंट आईटी इंजीनियर शंपा पाठक पांडे मौत इमोशनल स्टोरी

मध्य प्रदेश के इंदौर के लसूड़िया स्थित सागर समृद्धि अपार्टमेंट में हुई दर्दनाक घटना ने एक हंसते-खेलते परिवार को पल भर में तबाह कर दिया। इस हादसे का सबसे मार्मिक पहलू वे मासूम बच्चे हैं, जिन्हें दो दिन तक यह तक नहीं बताया गया कि उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं। मृतका शंपा पाठक पांडे, जो एक आईटी कंपनी में इंजीनियर थीं, उनकी मौत के बाद घर में ऐसा सन्नाटा पसरा कि हर कोई भीतर तक टूट गया। पति सौरभ पांडे ने बच्चों को इस गहरे सदमे से बचाने के लिए सच्चाई छिपाने की कोशिश की, लेकिन दर्द कब तक छिपता…
“मम्मा आएंगी तब ही खाना खाऊंगा…”
सौरभ ने बताया कि हादसे के बाद जब बड़े बेटे का फोन आया और उसने मां के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा—“मम्मा की तबीयत ठीक नहीं है, दो दिन में आ जाएंगी।” इस पर बेटे ने मासूमियत से जवाब दिया—“मम्मा आ जाएंगी तब ही खाना खाऊंगा…” इन शब्दों ने पिता का दिल तोड़ दिया, लेकिन वह सच बताने की हिम्मत नहीं जुटा सके।
जब घर पहुंची मां की बॉडी, फूट पड़ा दर्द
दो दिन बाद जब शंपा का पार्थिव शरीर घर पहुंचा, तब बच्चों को सच्चाई बताई गई। यह सुनते ही दोनों बच्चे बिलख पड़े। छोटा बेटा अब भी समझ नहीं पा रहा कि उसकी मां हमेशा के लिए उसे छोड़कर चली गई है। जिस दिन नया घर लिया, उसी दिन उजड़ गया संसार सौरभ ने बताया कि जिस दिन यह हादसा हुआ, उसी दिन उन्होंने डीबी प्राइड में नया फ्लैट बुक किया था। संयोग से उस दिन शंपा की मां का जन्मदिन भी था, और वे इसे एक “अच्छी शुरुआत” मान रहे थे। लेकिन उसी दिन आई इस त्रासदी ने उनकी पूरी जिंदगी बदल दी।
जहां पूजा हुई, वहीं से निकली अंतिम यात्रा
नवंबर में परिवार ने इसी घर में गृह प्रवेश की पूजा की थी। अब उसी घर से शंपा की अंतिम यात्रा निकली। सौरभ कहते हैं—“ऐसा लगा जैसे हमारे परिवार में बम फट गया हो… एक मिनट में सब खत्म हो गया।”
एक के बाद एक सदमे
सौरभ ने बताया कि तीन महीने पहले ही शंपा की मां का ब्रेन हेमरेज से निधन हुआ था। परिवार उस दर्द से उबर भी नहीं पाया था कि अब यह हादसा हो गया।
AIRBNB विवाद से बढ़ा तनाव
सागर समृद्धि अपार्टमेंट में शिफ्ट होने के बाद सौरभ को सोसाइटी के वॉट्सऐप ग्रुप से पता चला कि बिल्डिंग में AIRBNB के जरिये संदिग्ध गतिविधियों को लेकर विवाद चल रहा है। रंगपंचमी के आसपास इसकी जानकारी मिलने के बाद उन्होंने फ्लैट बेचने या किराये पर देने का मन बना लिया था। एक सप्ताह पहले आरोपी पिता-पुत्र कुलदीप और मोहनीश से जुड़े विवाद के बाद उनका फैसला पक्का हो गया। उन्होंने तुरंत नया फ्लैट तलाशना शुरू कर दिया और ऑनलाइन विज्ञापन भी डाल दिया था।
इंदौर के दर्दनाक हादसे में पत्नी को खो चुके सौरभ पांडे अब सिर्फ यादों के सहारे जी रहे हैं। एक ऐसा रिश्ता, जो कॉलेज से करियर और परिवार तक साथ चला, पलभर में खत्म हो गया।सौरभ ने बताया कि उनकी शादी 2013 में हुई थी। उस समय वे इंफोसिस में कार्यरत थे, जबकि शंपा टीसीएस में थीं। शादी के एक साल बाद शंपा भी इंफोसिस में आ गईं और यहीं से दोनों का प्रोफेशनल सफर एक साथ आगे बढ़ने लगा।
अलग-अलग शहर, फिर एक साथ
शुरुआत में दोनों अलग-अलग शहरों में थे—शंपा मुंबई में और सौरभ बेंगलुरु में। लेकिन वक्त के साथ दोनों ने एक ही शहर में साथ काम करना शुरू किया और जिंदगी पटरी पर आ गई। 2017 में जब इंदौर में इंफोसिस की शुरुआत हुई, तब उन्होंने यहां आने की कोशिश की, लेकिन कोरोना महामारी के कारण यह प्लान टल गया। आखिरकार 2023 में दोनों इंदौर शिफ्ट हुए और स्कीम नंबर-114 में बच्चों के साथ नई जिंदगी शुरू की।
क्या हुआ था
कुछ दिनों पहले इंदौर में पेंटहाउस विवाद मामले में सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत के बाद कई खुलासे हो रहे हैं। घटना के समय वहां मौजूद एक चश्मदीद ने बताया कि सबकुछ बस कुछ सेकेंड में हुआ। वहीं बताया ये भी जा रहा है कि पेंटहाउस के मालिक ने ही अपने बेटे को लोगों पर गाड़ी चढ़ाने के लिए कहा था। दरअसल यहां एक रिहायशी इलाके में एक पेंटहाउस को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। लेकिन किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि ये विवाद इतना भयाक रूप ले लेगा कि इसमें एक महिला की मौत हो जाएगी। बुधवार को पेंटहाउस के मालिक इस विवाद के चलते इस कदर बौखला गए कि मालिक के बेटे ने एक महिला को अपनी कार से टक्कर मार दी और उसकी मौत हो गई।
रिपोर्ट : हेमंत


