Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़indore transgender community mass suicide attempt phenyl protest chakkajam
इंदौर में 24 ट्रांसजेंडरों ने की सुसाइड की कोशिश, देर रात अस्पताल में जमकर मचा हंगामा

इंदौर में 24 ट्रांसजेंडरों ने की सुसाइड की कोशिश, देर रात अस्पताल में जमकर मचा हंगामा

संक्षेप: इंदौर के नंदलालपुरा इलाके में किन्नर समाज के 24 सदस्यों ने डेरा विवाद और पूर्व गुरु सपना हाजी के खिलाफ पुलिस कार्रवाई न होने से नाराज होकर सामूहिक रूप से फिनाइल पीकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद सैकड़ों किन्नरों ने जवाहर मार्ग पर चक्काजाम कर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की।

Thu, 16 Oct 2025 12:49 PMAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, इंदौर
share Share
Follow Us on

इंदौर के नंदलालपुरा इलाके में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां किन्नर समाज का गुस्सा फट पड़ा। 24 किन्नरों ने फिनाइल पीकर सामूहिक आत्महत्या की कोशिश की, जिसके बाद शहर में हड़कंप मच गया। साथी किन्नरों ने जब कमरे में बंद उन्हें तड़पते देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

घटना के बाद सैकड़ों किन्नर सड़क पर उतर आए और जवाहर मार्ग पर लेटकर डेढ़ घंटे से ज्यादा चक्काजाम कर दिया। पंढरीनाथ थाने पहुंचकर उन्होंने जमकर हंगामा किया। किन्नरों ने आरोप लगाया कि पुलिस पिछले दस महीनों से उनकी शिकायतें दबा रही है और सपना हाजी, उसके प्रेमी राजा हाशमी, साथी विजय, वकील पंकज और अक्षय के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही। किन्नरों ने चेतावनी दी कि यदि तुरंत गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आत्मदाह कर लेंगे।

अस्पताल में देर रात हंगामा

करीब 150 से ज्यादा किन्नरों ने चार घंटे तक हंगामा किया और मुख्य द्वार के बाहर पेट्रोल डालकर खुद को आग लगाने की कोशिश की। अफसरों ने हाथ जोड़कर समझाया, तब कहीं जाकर स्थिति नियंत्रित हुई। पुलिस ने सपना हाजी, राजा हाशमी, पंकज और अक्षय के खिलाफ केस दर्ज कर जांच जारी है। पुलिस अफसर किन्नर गुरुओं के सामने हाथ जोड़कर कार्रवाई का आश्वासन देते रहे, लेकिन नाराज किन्नर पेट्रोल डालकर खुद को आग के हवाले करने पर आमादा थे। अफसर ने कहा आज ही तुरंत कार्रवाई होगी। इस पर किन्नर गुरु नेहा ने भड़कते हुए जवाब दिया। हम पिछले दस महीनों से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अब तक क्या कार्रवाई हुई? हर बार दबाव में आकर आरोपी को पकड़ते हो और फिर छोड़ देते हो।

मामले में नंदलालपुरा डेरे के महामंडलेश्वर मंगला गोरी नंदगिरी ने खुलासा किया कि पूर्व गुरु सपना हाजी उर्फ गुरु ने न केवल गुटों में धर्म की राजनीति फैलाई बल्कि किन्नरों की संपत्ति और धन को कथित तौर पर अपने करीबी लोगों को सौंप दिया। उनका आरोप है कि सपना गुरु ने डेरे के सोने, चांदी और नगदी को अपने कथित प्रेमी राजा हाशमी और मुस्लिम समुदाय के अन्य करीब आधा दर्जन लोगों को दे दिया, जिससे किन्नर समाज में विवाद और गुटबाजी बढ़ गई। मंगला गोरी नंदगिरी ने बताया कि सपना गुरु पहले नंदलालपुरा डेरे की गुरु थीं। लेकिन जब किन्नरों को उनके कथित गुटबाजी और धन के गलत इस्तेमाल की जानकारी मिली, तो मई माह में उन्हें पद से हटा दिया गया। इसके बाद डेरे के 11 किन्नर, किन्नर गुरु के संरक्षण में महामंडलेश्वर बने, जबकि सपना हाजी अपने प्रेमी और अन्य सहयोगियों के साथ नया गुट बना कर किन्नरों को तरफ-तरफ से प्रताड़ित करने लगी।

पहले भी दर्ज हैं मामले

पड़ताल में पता चला कि सपना हाजी पर पहले भी खरगोन, लाड़ी, रिंगनोद सहित कई जिलों में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें दावा किया गया कि उन्होंने विभिन्न किन्नरों को टोपी पहना कर सामाजिक और धार्मिक प्रभाव स्थापित करने की कोशिश की।महामंडलेश्वर मंगला गोरी नंदगिरी का कहना है कि सपना गुरु की हरकतों के कारण कई किन्नरों ने डेरे छोड़ दिया और नए गुट के संरक्षण में रहने लगे। उनका आरोप है कि इस तरह के विवादों और धन के दुरुपयोग ने किन्नर समाज में भय और असंतोष पैदा किया है।

(रिपोर्ट: हेमंत)

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ , CBSE Board Result, MP Board 10th result, MP Board 12th result अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर|