
इंदौर में एकादशी पर दीपक जलाने के दौरान केमिकल फैक्टरी में लगी आग; 2 महिलाओं की मौत
इंदौर में शनिवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। शहर के केट रोड स्थित एक केमिकल की फैक्टरी में भीषण आग लग गई। फैक्टरी में दो महिलाओं की जिंदा जलकर मौत हो गई। साड़ी में आग पकड़ने के कारण महिलाएं बाहर नहीं भाग पाईं।
इंदौर में शनिवार शाम को बड़ा हादसा हो गया। शहर के केट रोड स्थित एक केमिकल फैक्टरी में भीषण आग लग गई। आग गोडाउन में देर शाम को लगी। इसमें दो महिलाओं की मौत हो गई है। दोनों की डेडबॉडी बरामद कर ली गई है। आग लगने की सूचना मिलने के फौरन बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने के साथ ही राहत और बचाव का काम शुरू किया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, फेक्टरी के गोदाम में प्लास्टिक उद्योग में इस्तेमाल होने वाला थिनर स्टोर किया गया था। सबसे पहले फैक्टरी के आगे के हिस्से में धुंआ उठते देखा गया। ज्यादा मात्रा में केमिकल स्टोर होने के कारण आग की तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में आग ने फैक्टरी के बाकी हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
अधिकारियों ने बताया कि आग बुझाने के लिए पहले चार टैंकर लगाए गए। हादसे में जान गंवाने वाली महिला मजदूरों की पहचान ज्योति और रामकली के रूप में की गई है। दोनों की उम्र 50 साल के आस-पास थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक शर्मा ने बताया कि देवउठनी एकादशी के मौके पर थिनर के गोदाम में दीपक जलाये जा रहे थे। इसी बीच गोडाउन में रखे थिनर ने आग पकड़ ली।
महिला मजदूरों की साड़ी ने भी आग पकड़ ली। महिलाएं गोडाउन के अंदर थी इस वजह से बाहर नहीं निकल पाईं। हालांकि गोडाउन में मौजूद बच्चे बाहर की ओर भाग निकले। उन्हीं ने इस घटना के बारे में लोगों को जानकारी दी। आग शाम करीब 6.30 बजे लगी और इसे 7.45 बजे बुझाया गया। पुलिस घटना की विस्तृत जांच कर रही है।
रिपोर्ट- हेमंत





