
इंदौर में एक्स गर्लफ्रेंड पर स्कूटी चढ़ाने वाला गिरफ्तार, साथ रहने का बना रहा था दबाव
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र के कल्पना नगर में बुधवार शाम एक शक्स ने अपनी स्कूटी से जानबूझकर एक्स गर्लफ्रेंड को टक्कर मार दी। इससे लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना 24 सितंबर 2025 को हुई और पास के सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई।
इंदौर के हीरानगर थाना क्षेत्र के कल्पना नगर में बुधवार शाम एक शक्स ने अपनी स्कूटी से जानबूझकर एक्स गर्लफ्रेंड को टक्कर मार दी। इससे लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना 24 सितंबर 2025 को हुई और पास के सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।
चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक राजेंद्र चौरसिया और लड़की के बीच पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था। लड़का उस पर फिस से साथ आने का दबाव बना रहा था। घटना के दिन युवक ने लड़की को सड़क पर रोककर फिर से साथ रहने की मांग की। लड़की के इनकार करने पर दोनों के बीच बहस हुई।
गुस्से में लड़की ने आरोपी पर पत्थर फेंका, जिसके बाद राजेंद्र ने अपनी एक्टिवा स्कूटी तेज गति से चलाते हुए युवती को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि युवती जमीन पर गिर पड़ी और उसके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास के लोगों ने तुरंत घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मारपीट, जानबूझकर चोट पहुंचाने, छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी सात आपराधिक मामले दर्ज हैं।





