
क्या है 'महिला-होटल' वाला पूरा विवाद, MP के डांसिंग कॉप रंजीत पर हो गया ऐक्शन
वीडियो में महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि रंजीत सिंह ने उन्हें इंदौर बुलाया और होटल-टिकट की व्यवस्था करने की बात कही। पुलिसकर्मी ने कहा कि अधूरी बातचीत को दिखाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई है।
इंदौर के 'डांसिंग कॉप' आपको याद हैं ना। हां, वही जो ट्रैफिक सिग्नल को नाच-नाचकर मैनेज करते हैं और अक्सर उनके डांस स्टेप वायरल होते हैं। ट्रैफिक पुलिसकर्मी रंजीत सिंह एक विवाद में घिर गए हैं। एक इंस्टाग्राम इंफ्लुएंशर राधिका सिंह का वीडियो वायरल होने के बाद रंजीत सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस वीडियो में महिला को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि रंजीत सिंह ने उन्हें इंदौर बुलाया और होटल-टिकट की व्यवस्था करने की बात कही। पुलिसकर्मी ने कहा कि अधूरी बातचीत को दिखाकर उन्हें बदनाम करने की कोशिश की गई है। वहीं, महिला का कहना है कि यह वीडियो पुराना है और डिलीट कर चुकी थी।
क्या कहा गया है वायरल वीडियो में
एक वीडियो में महिला ने रंजीत सिंह से बातचीत के स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए उन पर आरोप लगाया था। इसमें कहा है, 'एक बंदा है बहुत फेमस, सेलिब्रिटी, न्यूज में भी आ चुका है। उसने मुझे एक बार मैसेज किया कि तुम बहादुर महिला हो, मैं सैल्यूट करता हूं। मुझे अच्छा लगा तो मैंने धन्यवाद किया। बात वहीं खत्म हो गई। फिर एक महीने से कोई बात नहीं हुई। कल उसने मेरी रील देखी होगी तो उसने मैसेज किया कि आप इंदौर क्यों नहीं आ जाती। मैं आपकी फ्लाइट, होटल का इंतजाम कर दूंगा। हमारी दोस्ती की वजह से? मैं गाली नहीं दे रही... हमारी दोस्ती कब हो गई। तुमने मेरी स्टोरी पर कुछ लिखा और मैंने थैंक्यू कहा तो फ्रेंडशिप हो गई? शर्म कर, तू फेमस है, तेरी इज्जत कर रही हूं ना... आज के बाद कभी संपर्क मत करना। शर्म है तुम पर।'
रंजीत सिंह ने क्या दिया जवाब
रंजीत सिंह ने कहा कि राधिका ने उन्हें खुद को उनका सबसे बड़ा फैन बताया था और लाइव देखने की इच्छा जाहिर की थी। इस पर उन्होंने कहा था कि इंदौर आ जाइए। रंजीत सिंह ने एक वीडियो जारी करके कहा कि राधिका ने अपने मैसेज छिपाकर सिर्फ कुछ हिस्सों को दिखाया और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने बदनाम करने की साजिश का आरोप लगाते हुए कहा कि फेमस होने के लिए ऐसा किया गया है।
इंदौर पुलिस ने लिया ऐक्शन
महिला का वीडियो वायरल होने के बाद रंजीत सिंह पर ऐक्शन हो गया है। उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया है। इंदौर पुलिस की ओर से एक बयान में कहा गया है कि हेड कांस्टेबल रंजीत सिंह ने अमर्यादित मैसेज एक महिला को किए हैं। तत्काल प्रभाव से उन्हें लाइन अटैच किया गया है। पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे का ऐक्शन लिया जाएगा।
राधिका का पलटवार
महिला ने रंजीत सिंह को जवाब देते हुए कहा कि वह उसके वीडियो दिखाए। राधिका ने रंजीत के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, 'मुझे बहुत से लोग मैसेज करते हैं मैं जवाब नहीं देती। ब्लू टिक देखकर मैंने सर्च किया कि कौन है और पता लगने के बाद जवाब दिया। तेरे जैसे लोगों से मिलने का कोई शौक नहीं है। मैंने कुछ लिखा था तो तू दिखा दे। तू मानहानि का केस करेगा? मैंने तो वीडियो डेढ़ साल पहले डिलीट कर दिया था। मुझे पता नहीं किसने वायरल किया। तुम सारे आदमी एक जैसे होते हो, मुझे डरा रहा है साइबर क्रैम और क्या क्या...। मैं तुझ से फेमस हूंगी, तू मुझसे फेमस हो रहा है।'





