पत्नी ने मायके में प्रेमी से कराई पति की हत्या, 3 माह बाद मिला कंकाल; MP के रीवा में खौफनाक मर्डर का खुलासा
रीवा में ससुराल से तीन महीने पहले लापता हुए युवक की हत्या के संदेह में पुलिस ने उसकी पत्नी और दोस्त को हिरासत में लिया है। पुलिस को शक है कि हत्या को प्रेम संबंध के चलते अंजाम दिया गया है। पुलिस ने आरोपी दोस्त की निशानदेही पर 3 महीने बाद एक मानव कंकाल बरामद किया है।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले के टीकर इलाके से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पत्नी ने मायके में प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की साजिश रची। इसके बाद महिला के प्रेमी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर प्रेमिका के पति की दर्दनाक हत्याकांड को अंजाम देकर लाश को जमीन में गाड़ दिया था। तीन महीने बाद जब इस हत्या का राज खुला तब पुलिस ने मृतक के कपड़े और कंकाल गड्ढे से बरामद किया। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमॉर्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल में रखवाया है। रामपुर पुलिस ने महिला और उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। घटना में शामिल एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र में तीन महीने पहले लापता हुए युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस ने गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत टीकर से आरोपी के घर के पास जमीन में दफन लापता युवक का शव बरामद किया है। इस पूरे घटनाक्रम को प्रेम प्रसंग के चलते अंजाम दिया गया था। बताया जा रहा है कि रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के मोहार टोला भगदेवरा निवासी 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव 26 मार्च को अपने ससुराल टीकर, गोविंदगढ़ गया था। आरोपी सुनील कुशवाहा उसे अपने साथ ले गया था। इसके बाद विपिन रहस्यमय तरीके से लापता हो गया। परिजनों ने 28 मार्च को रामपुर बघेलान थाने में विपिन की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दोस्त का विपिन की पत्नी से था अफेयर
पुलिस को मृतक के दोस्त पर शक हुआ, जो फरार चल रहा था, जब गोविंदगढ़ पुलिस ने उसे चोरी के मामले में पकड़ा। इसकी जानकारी लगने के बाद रामपुर पुलिस उससे पूछताछ करने गई तो उसने पूछताछ में इस पूरे घटनाक्रम को कबूल किया। आरोपी सुनील कुशवाहा का मृतक की पत्नी से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जो उसी के गांव टीकर का रहने वाला है। बताया जा रहा कि इसकी साजिश मृतक की पत्नी और आरोपियों ने मिलकर रची थी, जिसे अंजाम आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर दिया था। आरोपी सुनील ने विपिन की टीकर में उसके ससुराल में हत्या की, फिर उसकी लाश को एक कुएं में फेक दिया। तीन दिन बाद जब लाश कुएं से ऊपर दिखने लगी, तब आरोपी सुनील ने अपने घर से कुछ दूरी पर नाली के पास गड्ढा खोदकर उसे दफना दिया था।
जमीन के नीचे से मिला कंकाल
जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले, जिसके बाद कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में गुरुवार को आरोपी के घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के पास खुदाई कराई गई। खुदाई में जमीन में दफन युवक का शव कंकाल के रुप में बरामद हुआ, जो करीब तीन महीने पुराना बताया जा रहा है। रामपुर बघेलान पुलिस कंकाल के टुकड़ों को कपड़े में बांधकर संजय गांधी अस्पताल लेकर आई, जहां शुक्रवार को उसका पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि मृतक की पत्नी आंचल यादव और आरोपी सुनील कुशवाहा के बीच प्रेम प्रसंग था, जिसके चलते इस पूरे घटना को अंजाम दिया गया।फिलहाल रामपुर बघेलान पुलिस ने आरोपी सुनील कुशवाहा और मृतक की पत्नी को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। घटना में शामिल एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।
रिपोर्ट: रीवा से सादाब सिद्दीकी


