प्रेमी के लिए कातिल बनी दुल्हन, सिंगरौली में प्रेमी संग मिल पति को मार डाला; 1 महीने पहले हुई थी शादी

Mar 11, 2026 02:30 pm ISTMohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, सिंगरौली
share

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में खौफनाक घटना सामने आई है। यहां एक नई दुल्हन ने शादी के एक महीने बाद ही पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने प्रेमी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

प्रेमी के लिए कातिल बनी दुल्हन, सिंगरौली में प्रेमी संग मिल पति को मार डाला; 1 महीने पहले हुई थी शादी

मध्य प्रदेश के सिंगरौली में खौफनाक घटना सामने आई है। जिले के सरई थाना क्षेत्र में, अवैध प्रेम प्रसंग के चलते हुई हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी और एक अन्य साथी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। आरोपियों ने मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या की, और घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी।

8 मार्च को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि, रजनिया कटरा गांव के जंगल में सड़क किनारे, एक युवक का शव मोटरसाइकिल के नीचे दबा हुआ पड़ा है। सूचना मिलते ही निवास चौकी और सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान मृतक की पहचान 24 वर्षीय अजय वैश्य निवासी ग्राम खंतरा थाना मझौली जिला सीधी के रूप में हुई। परिजनों को सूचना देने पर मृतक का भाई विनय वैश्य मौके पर पहुंचा। उसने बताया कि अजय की शादी 12 फरवरी को ग्राम गन्नई निवासी उमा वैश्य से हुई थी। 7 मार्च की शाम करीब 5 बजे अजय अपनी ससुराल गन्नई जाने के लिए मोटरसाइकिल से निकला था, लेकिन वह न तो ससुराल पहुंचा और न ही घर लौटा, अगले दिन उसकी मौत की खबर मिली।

पुलिस को क्यों हुआ शक

घटनास्थल का निरीक्षण करने पर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। शव पर चोट के निशान थे और मोटरसाइकिल को जानबूझकर शव के ऊपर रखा गया था, जिससे दुर्घटना का आभास हो। फोरेंसिक टीम और एसडीओपी देवसर की मौजूदगी में घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए।

10 हजार रुपए का घोषित हुआ था इनाम

प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हत्या की आशंका सामने आई, जिसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के निर्देशन और एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई।

शादी के पहले से था प्रेम प्रसंग

जांच के दौरान मृतक की पत्नी उमा वैश्य से पूछताछ की गई, जिसमें उसने स्वीकार किया कि शादी से पहले उसका अमर बहादुर वैश्य से प्रेम संबंध था, और वह उसी से शादी करना चाहती थी। परिवार के दबाव में अजय से शादी होने के कारण वह खुश नहीं थी। इसी वजह से उसने अपने प्रेमी अमर बहादुर वैश्य के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 7 मार्च को उमा ने अजय को मिलने के बहाने मायके बुलाया, और उसके आने की जानकारी प्रेमी अमर बहादुर को दी। अमर बहादुर अपने साथी चन्द्रप्रताप उर्फ चंदन वैश्य के साथ बोलेरो वाहन से निवास क्षेत्र पहुंचा और अजय का पीछा किया। रात करीब 9 से 10 बजे के बीच रजनिया कटरा जंगल के पास सुनसान स्थान पर उन्होंने मोटरसाइकिल रुकवाकर अजय को नीचे ले गए। आरोपियों ने गमछे से अजय का गला घोंटा और सिर पर पत्थर से कई बार हमला किया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपियों ने शव के पास मोटरसाइकिल रख दी, ताकि मामला दुर्घटना का लगे। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इनपुट: सादाब सिद्दीकी

Mohammad Azam

लेखक के बारे में

Mohammad Azam

संक्षिप्त विवरण

मोहम्मद आजम पिछले 3.5 सालों से पत्रकारिता कर रहे हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में बतौर कंटेंट प्रोडूसर काम कर रहे हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: मोहम्मद आजम पिछले तीन सालों से ज्यादा समय से पत्रकारिता कर रहे हैं। कम समय में आजम ने पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया की बारीकियां सीखी हैं और अब भारत के अग्रणी समाचार संस्थान ‘लाइव हिन्दुस्तान’ (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट न्यूज टीम में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि

आजम ने ग्रेजुएशन तक विज्ञान की पढ़ाई की है, लेकिन राजनीतिक विषयों में रुचि उनको पत्रकारिता की तरफ खींच लाई। आजम ने अपना पोस्ट ग्रेजुएशन देश के अग्रणी संस्थानों में से एक भारतीय जनसंचार संस्थान से पूरा किया। विज्ञान बैकग्राउंड होने के चलते आजम को फैक्ट आधारित पत्रकारिता करने में महारत हासिल है।


राजनीतिक पत्रकारिता में आजम

आजम की देश की राजनीति में काफी रुचि है। आजादी के पहले से लेकर आजादी के बाद की राजनीतिक घटनाओं की कई किताबों का अध्ययन होने के चलते अच्छी समझ है। यही कारण रहा कि आजम ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत राजनीतिक बीट से की। राजनीति के साथ आजम क्राइम और सोशल मीडिया पर वायरल चल रही खबरों में भी अच्छी महारत हासिल है।


पत्रकारिता का उद्देश्य

आजम का मानना है कि पत्रकारिता जनपक्षीय होनी चाहिए। पत्रकारिता के दौरान अपनी भावनाओं को काबू में रखकर तथ्य आधारित पत्रकारिता आजम को जिम्मेदार बनाती है। पत्रकारिता में आजम तथ्य आधारित सूचनाएं पहुंचाने के साथ ही, साहित्यिक लेखन में भी महारत हासिल है।


विशेषज्ञता ( Area of Expertise )

पॉलिटिकल और क्राइम की खबरें
राजनीति से जुड़े लोगों के इंटरव्यू
क्राइम और वायरल खबरें
पॉलिटिकल एक्सप्लेनर

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, Bhopal News, Indore News, Jabalpur News, Gwalior News, Ujjain News के साथ-साथ MP Board Result 2026, MP Board 10th Result, MP Board 12th Result और MP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।