
MP में पत्नी ने अवैध संबंध का विरोध बना मौत की वजह, खेत मालिक ने मजदूर की हत्या कर दी
हरदा जिले में दीपावली के दिन हुई मजदूर सुखलाल की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है, जिसमें खुलासा हुआ कि खेत मालिक रामदीन ने मृतक की पत्नी से अवैध संबंध छिपाने और काम न छोड़ने देने के लिए लाठी से वार कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी थी।
हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र में दीपावली के दिन हुई एक रहस्यमय हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि खेत मालिक ने अपने मजदूर की पत्नी से अवैध संबंध छिपाने और उससे दूर न होना पड़े, इसलिए अपने ही मजदूर की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, ग्राम इमलीढ़ाना खालवा निवासी सुखलाल कलमे (45) ग्राम लालमाटी में खेत मालिक रामदीन मालवीय के घर रहकर मजदूरी करता था। दीपावली की सुबह करीब छह बजे सुखलाल गाय-भैंस चराने के लिए निकला था, लेकिन शाम तक घर नहीं लौटा। बाद में खेत मालिक रामदीन और उसके बेटे गोविंद व गजानन ने तलाश की, तो लालमाटी के पास खेत में सुखलाल का शव मिला। मृतक के चेहरे पर गंभीर चोटों के निशान थे।

पुलिस जांच की शुरुआत
सूचना मिलते ही सिराली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। थाने में दर्ज रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 300/25 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
शक और पूछताछ
जांच के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि मुखबिर से प्राप्त सूचना और घटनास्थल के आस-पास पूछताछ से पता चला कि हत्या के दिन सुखलाल के साथ उसका खेत मालिक रामदीन ही गया था और कुछ घंटों बाद अकेले लौट आया था।
यहीं से रामदीन पर शक गहराने लगा। फिर पुलिस ने रामदीन से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि उसका मृतक की पत्नी से अवैध संबंध था। सुखलाल इस संबंध का विरोध कर काम छोड़ने और अपनी मजदूरी के 50 हजार रुपये मांगने की बात कर रहा था। इसी बात को लेकर दीपावली की सुबह गाय-भैंस चराते समय दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद रामदीन ने लाठी से वार कर सुखलाल की जान ले ली।
गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी रामदीन मालवीय (58) निवासी ग्राम लालमाटी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी भी जब्त की गई है। पुलिस अब मामले से जुड़ी अन्य कड़ियों की जांच कर रही है।
(रिपोर्ट: निशात मोहम्मद सिद्दीकी)





