
MP : ग्वालियर में देर रात धमाके संग ‘फटी धरती’, जल धार निकलने से कई मकानों में आई दरार
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां आधी रात को तेज धमाके के साथ जमीन के नीचे पानी की पाइपलाइन फटने से अचानक जल धार निकलने लगी और देखते ही देखते धीरे-धीरे पूरी कॉलोनी जलमग्न हो गई।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां आधी रात को तेज धमाके के साथ जमीन के नीचे पानी की पाइपलाइन फटने से अचानक जल धार निकलने लगी और देखते ही देखते धीरे-धीरे पूरी कॉलोनी जलमग्न हो गई। इस घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। घटना के बाद कई मकानों में दरारें भी आ गईं और कई मकान पूरी तरह जलमग्न हो गए।
जानकारी के अनुसार, ग्वालियर शहर के अर्बन ग्रीन सिटी में शनिवार रात अचानक ब्लास्ट के साथ पानी की मुख्य पाइपलाइन फट गई। इस दौरान दहशत के चलते लोग अपने-अपने घरों के बाहर निकल आए। पाइपलाइन फटने से तकरीबन एक दर्जन मकानों में दरारें आ गई हैं। मकान के बाहर बने चबूतरे पूरी तरह से टूट गए। घरों के बाहर रखा लोगों का सामान भी खराब हो गया। इस घटना से लोग बेहद डरे हुए हैं और वह अपने मकान में नहीं जा रहे हैं।
लोगों का कहना है कि ऐसा ना हो जाए कि जिस तरीके से जमीन फटी है उनके मकान भी भरभराकर न गिर पड़ें। उन्होंने कहा कि पहले आवाज आ रही थी जब उन्होंने देखा बाहर निकलकर तो पूरी सड़क पर पानी ही पानी भरा थाय़ कई घरों में भी पानी भर गया, जब सीसीटीवी में देखा गया, तब पता चला कि ब्लास्ट के साथ पानी की पाइपलाइन फटी है।
नगर निगम आयुक्त भी मौके पर पहुंचे
इस मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम आयुक्त भी मौके पर पहुंचे और पानी की लाइन को बंद कराया, लेकिन लोगों में इस बात को लेकर आक्रोश है, इतनी घटिया पानी की पाइपलाइन डाली है कि इससे कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था।
काफी मात्रा में पानी सड़कों पर बहा
कॉलोनीवासियों का कहना है कि काफी मात्रा में पानी बह जाने के बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे और पानी बंद कराया। निगम अधिकारी केवल पाइपलाइन दुरुस्त करने की बात कर रहे थे, लेकिन नुकसान की भरपाई को लेकर कोई ठोस आश्वासन नहीं दिया गया।
अधिकारियों के लौटने के बाद अब तक कोई दोबारा मौके पर नहीं पहुंचा। हालात ऐसे हैं कि लोग घरों से बाहर निकलने और अपनी गाड़ियां निकालने में भी परेशान हैं।
निगम आयुक्त ने नुकसान की भरपाई का दिया आश्वासन
नगर निगम आयुक्त संघप्रिय ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है। घटना के कारणों की जांच कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इसके साथ ही लोगों को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति के प्रयास भी किए जाएंगे।
रिपोर्ट : अमित कुमार





