फर्जी IT अफसर बन रचाई शादी, मांगे 70 लाख और कार, ग्वालियर के नटवरलाल की कहानी
ग्वालियर में एक युवती ने महिला थाना पुलिस से शिकायत कर बताया कि उसकी शादी ग्वालियर के हरिहर निवासी महावीर अवस्थी से 21 अप्रैल 2024 में हुई थी। शादी से पहले युवक महावीर अवस्थी ने दहेज के लालच में खुद को इनकम टैक्स का बड़ा अफसर बताया था।

ग्वालियर में फर्जी आईटी अफसर बन युवती को ठगने का मामला सामने आया है। इस नटवरलाल ने 20 माह पहले शादी रचाई और लड़की वालों से 70 लाख तक की मांग कर डाली। परेशान युवकी ने जानकारी निकाली तो पता चला कि उसकी जिससे शादी हुई है वह कोई आईटी अफसर नहीं बल्कि फर्जी अफसर बनकर ये सब कर रहा था। पुलिस ने युवती की शिकायत पर जांच पड़ताल कर मामला दर्ज कर लिया है। जांच में पुलिस को पता चला कि युवक के खिलाफ दिल्ली में भी अफसर बनकर शादी का झांसा देने की शिकायत हुई है।
ग्वालियर में एक युवती ने महिला थाना पुलिस से शिकायत कर बताया कि उसकी शादी ग्वालियर के हरिहर निवासी महावीर अवस्थी से 21 अप्रैल 2024 में हुई थी। शादी से पहले युवक महावीर अवस्थी ने दहेज के लालच में खुद को इनकम टैक्स का बड़ा अफसर बताया था। दोनों की शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई। युवती के पिता ने शादी में 40 लाख से अधिक खर्च किया था।
शादी के बाद महावीर अवस्थी अक्सर छुट्टी खत्म होने के बाद जब ग्वालियर से लौटकर कोलकाता में ड्यूटी जाने की बात कह कर जाता तो लड़की का फोन नहीं उठाता था। बाद में महावीर अवस्थी और उसका परिवार युवती से मांग करने लगे कि उन्हें 70 लाख रुपए और एक कार लेकर आओ। युवती धीरे-धीरे समझने लगी कि उसे और उसके परिवार वालों को दहेज के लालचियों ने ठगा है।
जब पीड़ित लड़की ने धीरे-धीरे इनकम टैक्स अफसर की जानकारी जुटाना शुरू की तो पता चला कि वह एक फर्जी इनकम टैक्स अफसर है जिसपर वह लगातार दबाव देकर दहेज की मांग कर रहा था। युवती ने घटना की शिकायत पुलिस से की, पुलिस ने जब जांच पड़ताल शुरू की तो यह स्पष्ट हो गया कि महावीर अवस्थी कोई इनकम टैक्स अफसर नहीं है बल्कि एक बेरोजगार युवक है।
पुलिस ने जांच पड़ताल में यह भी पाया कि युवक के खिलाफ दिल्ली में भी इसी तरीके की एक ओर शिकायत दर्ज है। वहां पर भी अफसर बनकर शादी का झांसा देकर पैसे ऐठने का प्रयास किया था फिलहाल पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी पति महावीर अवस्थी , ससुर राधेश्याम अवस्थी, सास सुनीता अवस्थी, देवर विशाल अवस्थी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। अभी आरोपी पति दिल्ली जेल में बंद हैं और पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



